देशमध्य प्रदेश

पीथमपुर में रामकी एनवायरो कंपनी में धमाके, एक किलोमीटर तक गूंजी आवाज, दहशत का माहौल

पुलिस धमाकों के वास्तविक कारणों की गहन जांच में जुटी

पीथमपुर। मध्यप्रदेश के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-2 स्थित रामकी एनवायरो कंपनी में मंगलवार को अचानक तीन जोरदार धमाके हो गए। धमाकों की आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के गांवों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। धमाकों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पास के तारपुरा और बजरंगपुरा गांवों में लोगों ने झटके महसूस किए। ग्रामीणों के अनुसार, कंपन के चलते घरों में रखे बर्तन और टीवी तक अपने स्थान से गिर गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रण में लिया। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के घायल या हताहत होने की कोई खबर सामने नहीं आई है। सीएसपी रवि सोनेर ने बताया कि पुलिस और विशेषज्ञों की टीम मौके पर जांच कर रही है। फिलहाल धमाकों के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं थाना प्रभारी ओम प्रकाश अहीर ने भी पुष्टि की कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और जांच जारी है।

गौरतलब है कि रामकी एनवायरो कंपनी पहले भी विवादों में रह चुकी है। बीते साल कंपनी ने भोपाल गैस कांड से जुड़े जहरीले कचरे के निपटान को लेकर सुर्खियां बटोरी थीं। ऐसे में इस ताजा घटना ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा और पर्यावरण मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम कंपनी परिसर में धमाकों के वास्तविक कारणों की गहन जांच में जुटी हुई है, जबकि कंपनी प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button