जबलपुरदेशमध्य प्रदेशराज्य

तहसील कार्यालय में ईओडब्ल्यू की दबिश, जमीन से जुड़ी फाइलें खंगालीं

हाई प्रोफाइल भूमि प्रकरण की जांच तेज, दस्तावेज जब्त कर शुरू की गई पड़ताल

जबलपुर, यशभारत। शहर के तहसील कार्यालय में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) की टीम ने अचानक दबिश देकर जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी। टीम ने कई महत्वपूर्ण फाइलें अपने कब्जे में लेकर उनकी बारीकी से पड़ताल शुरू की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार्रवाई एक हाई प्रोफाइल भूमि प्रकरण में मिली शिकायत के आधार पर की गई है।
ईओडब्ल्यू के अधिकारी सीधे संबंधित शाखा पहुंचे और जमीन के नामांतरण व राजस्व रिकॉर्ड से जुड़ी फाइलों का ब्योरा तलब किया। जांच के दौरान उन दस्तावेजों पर विशेष फोकस किया गया, जिनमें लंबे समय से अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ रही थीं। जांच के लिए कई महत्वपूर्ण फाइलें जब्त की गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक, टीम यह पता लगाने में जुटी है कि जमीन के हस्तांतरण और रिकॉर्ड में बदलाव की प्रक्रिया नियमानुसार हुई थी या नहीं। प्रारंभिक जांच में राजस्व प्रक्रिया में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि ईओडब्ल्यू ने अभी तक शिकायतकर्ता या मामले से जुड़े लोगों के नामों का खुलासा नहीं किया है।
कार्रवाई के दौरान तहसील कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल रहा और अधिकारी-कर्मचारी भी सतर्क नजर आए। बताया जा रहा है कि जांच का दायरा बढ़ सकता है और दस्तावेजों के परीक्षण के बाद संबंधित अधिकारियों एवं अन्य लोगों से पूछताछ भी की जाएगी।
सूत्रों का कहना है कि मामला एक बड़ी भूमि हेराफेरी से जुड़ा हो सकता है, जिसमें कुछ प्रभावशाली लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फिलहाल ईओडब्ल्यू की टीम जब्त दस्तावेजों का परीक्षण कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button