भाजपा का तोता बनकर काम कर रहा चुनाव आयोगः जीतू पटवारी
प्रदेश में वोट चोरी सत्याग्रह की शुरुआत आज रीवा से

जबलपुर यश भारत। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज यहां अपने अल्प नगर प्रवास के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि देश का चुनाव आयोग भारतीय जनता पार्टी का तोता बनकर काम कर रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के द्वारा कर्नाटक की एक विधानसभा को लेकर वोट चोरी की जो सच्चाई उजागर की है उससेआयोग की निष्पक्षिता और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल उठते हैं। कांग्रेस पार्टी हर स्तर पर इसका न केवल विरोध करेगी बल्कि मध्य प्रदेश कांग्रेस के द्वारा पूरे प्रदेश में वोट चोरी न्याय सत्याग्रह की शुरुआत आज रीवा से की जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने गत दिवस दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी प्रियंका गांधी मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ ही 300 सांसदों के साथ पैदल मार्च निकाला और यह सभी सांसद चुनाव आयोग कार्यालय तक पहुंचकर अपना पक्ष रखना चाहते थे लेकिन सरकार के इशारे पर उन्हें बीच में ही रोक दिया गया। जो निंदनीय है। प्रदर्शन के दौरान केवल कांग्रेस ही नहीं बल्कि इंडिया गठबंधन के सभी सांसद मौजूद थे।
वोट और लोकतंत्र के प्रति आदर की पवित्रता को नष्ट कर रहा चुनाव आयोग
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री पटवारी ने कहा कि भारत इतना बड़ा लोकतंत्र है और वोट का लोकतंत्र में कितना महत्व है यह बताने की जरूरत नहीं है। देश का हर नागरिक वोट के माध्यम से अपने पसंद के प्रतिनिधि और सरकारी चुनता है लेकिन जब वोट की ही चोरी होने लगे तो लोकतंत्र कैसे बचेगा। राहुल गांधी के द्वारा उठाए गए इस मुद्दे को उन्होंने राजनीतिक नहीं बल्कि आम आदमी के अधिकार और संविधान की रक्षा तथा लोकतंत्र की पवित्रता को बनाए रखने वाला कदम बताया।
आयोग की जगह बीजेपी के नेता और मंत्री दे रहे जवाब
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने यह आरोप भी लगाया कि राहुल गांधी ने जो मुद्दा उठाया है उसका जवाब चुनाव आयोग को देना चाहिए लेकिन चुनाव आयोग की जगह भाजपा के नेता और मंत्री अपने-अपने तरीके से जवाब देकर चुनाव आयोग का बचाव कर रहे हैं जिससे स्पष्ट जाहिर होता है कि देश में वोट चोरी करके ही सरकार बनी हैं।
मध्य प्रदेश चुनाव आयोग की वेबसाइट भी बंद पड़ी
श्री पटवारी ने आगे कहा कि राहुल गांधी के द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रमाण के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी यह निर्णय लिया था कि वह भी पूरे प्रदेश में इसी तरह का अभियान चलायेगी और इसकी खबर जिस तारीख से प्रदेश के चुनाव आयोग को लगी है उसकी वेबसाइट भी बंद कर दी गई जो कहीं ना कहीं आयोग की कार्य प्रणाली पर सवाल खड़ा करती है।
रीवा के बाद भोपाल ग्वालियर जबलपुर मैं किए जाएंगे बड़े प्रदर्शन
कांग्रेस पार्टी वैसे तो पूरे प्रदेश में वोट चोरी के खिलाफ अभियान चलाने वाली है और इसकी शुरुआत आज रीवा से की भी जा रही है इसके बाद राजधानी भोपाल जबलपुर और ग्वालियर में बड़े प्रदर्शन किए जाएंगे इसके साथ ही प्रदेश के हर जिला मुख्यालय में कांग्रेस पार्टी तिरंगा यात्रा निकालेगी और वोट चोरी के खिलाफ सत्याग्रह करेगी।
इनकी रही उपस्थिति
पत्रकार वार्ता के दौरान नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ शर्मा ग्रामीण अध्यक्ष डॉक्टर नीलेश जैन वरिष्ठ कांग्रेस नेता कदीर सोनी सम्मति सैनी पूर्व ग्रामीण अध्यक्ष राधेश्याम चौबे पूर्व अध्यक्ष दिनेश यादव कांग्रेस सेवादल के सतीश तिवारी नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा राजेश तिवारी टीकाराम कोस्टा विवेक अवस्थी विजय रजक शशांक दुबे राजेश पटेल आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे।







