राहुल-प्रियंका की गिरफ्तारी के बाद भोपाल में रातभर बवाल, चुनाव आयोग का पुतला फूंका, आज पूरे प्रदेश में विरोध

राहुल-प्रियंका की गिरफ्तारी के बाद भोपाल में रातभर बवाल, चुनाव आयोग का पुतला फूंका, आज पूरे प्रदेश में विरोध
भोपाल, यशभारत। दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई प्रमुख विपक्षी नेताओं को पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद राजनीति गरमा गई है। दिल्ली की इस घटना की तीखी प्रतिक्रिया मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में देखने को मिली, जहां कांग्रेस नेताओं ने देर रात सड़कों पर उतरकर जबरदस्त विरोध दर्ज कराया।
मंगलवार रात करीब 10 बजे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघारऔर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंहकी अगुआई में दर्जनों वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय का घेराव करने पहुंचे।
देर रात लगा धरना, लगे केंद्र सरकार विरोधी नारे
कार्यालय परिसर के बाहर भारी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो के नारे लगाए और बाद में मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया।
पूरे प्रदेश में आज प्रदर्शन की तैयारी
भोपाल में हुए इस घटनाक्रम के बाद कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन को पूरे राज्य में ले जाने का फैसला किया है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार और चुनाव आयोग मिलकर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर रहे हैं। गौरतलब है कि दिल्ली में 6 अक्टूबर को विपक्षी सांसदों द्वारा निकाले गए सेव डेमोक्रेसी मार्च के दौरान नेताओं को हिरासत में लिया गया था, जिसके बाद से ही कांग्रेस आक्रामक रुख अपनाए हुए है।







