परवलिया इलाके में सीढ़ियों से फिसलने से बुजुर्ग की मौत

परवलिया इलाके में सीढ़ियों से फिसलने से बुजुर्ग की मौत
भोपाल,यश भारत। राजधानी के परवलिया थाना क्षेत्र में सीढ़ियों से फिसलकर गिरने के कारण 62 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राजकुमार शर्मा उम्र 62 साल, निवासी परवलिया के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक हादसा उस समय हुआ जब बुजुर्ग सीढ़ियों का इस्तेमाल कर रहे थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वे नीचे आ गिरे।
सीढ़ियों से गिरते ही उनके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आ गई, जिससे भारी मात्रा में खून बह गया। आनन-फानन में स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परवलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






