फटेहाली के टाट पर पैबंद की कोशिश…कलेक्टर, एसपी और कमिश्नर की जोड़ी सुधार रही सालों की बिगडै़ल व्यवस्था

कटनी, यशभारत। शहर की अराजक और बिगड़ैल यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम ने मोर्चा संभाल लिया है। दिलबहार चौराहे से लेकर सुभाष चौक होते हुए मिशन चौक जाने वाले मार्ग के अलावा शहर के अंदरूनी मार्गों और गलियों में सालों से जमा अतिक्रमण को हटाकर सडक़ को कब्जामुक्त बनाने और यातायात को सुगम बनाने की दिशा में पहल की गई है। कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा और नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार की जोड़ी ने अब शहर के लोगों को दशकों की इस समस्या से राहत दिलाने के लिए प्रयास शुरू किए हैं। इसको लेकर बैठकें आयोजित की जा रही हैं तो वहीं दूसरी ओर व्यापारियों से भी चर्चा की जा रही है, जिससे शहर को इस समस्या से निजात दिलाई जा सके।
सेंट्रल पार्किंग हटाने व्यापारियों ने दी सहमति
पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में यातायात प्रभारी राहुल पांडेय, व्यापारी संघ के अध्यक्ष तथा संघ के विभिन्न सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के दौरान यातायात को अधिक सुचारू, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से सेंट्रल पार्किंग हटाने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। व्यापारियों ने जनहित को सर्वोपरि रखते हुए इस प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से अपनी सहमति प्रदान की।
्रइन बिन्दुओं पर फोकस
सुभाष चौक से रेलवे स्टेशन तक वर्तमान सेंट्रल पार्किंग व्यवस्था को हटाया जाएगा। ओवरलोडेड डंपरों पर कार्रवाई। शैक्षणिक परिसरों के आसपास नशे के अवैध कारोबार की जांच। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के लाइसेंस निलंबित होंगे। ई-रिक्शा व ऑटो चालकों का सत्यापन। वाहनों की जांच कराई जाएगी। जबलपुर की तर्ज पर मुड़वारा व कटनी जंक्शन रेलवे स्टेशनों पर प्रीपेड बूथ योजना लागू होगी। स्कूल, कॉलेजों के आसपास 100 मीटर के दायरे में पान, गुटखा एवं नशीली दवाओं की दुकानों की जांच कर हटाई जाएंगी।
नई वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था
यातायात टीआई राहुल पांडे ने बताया कि नई वैकल्पिक व्यवस्था के तहत विश्वकर्मा पाक में चार पहिया वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग, रामलीला मैदान में दोपहिया एवं चार पहिया दोनों प्रकार के वाहनों की पार्किंग, कटनी रेलवे स्टेशन के समीप स्थित शॉपिंग काम्प्लेक्स के सामने दो पहिया वाहनों की उचित एवं अनुशासित पार्किंग की जाएगी।
नशे के कारोबार पर सख्ती
नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुख्ता सूचना तंत्र विकसित किया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी को खोखला करने वाले तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सके। स्वास्थ्य, पुलिस और शिक्षा विभाग को स्कूल, कॉलेजों में नशीली दवाओं के दुष्प्रभावों पर जागरूकता अभियान चलाने के लिए कहा गया है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के लाइसेंस भी निरस्त किए जाएंगे।
-आशीष तिवारी, कलेक्टर
नई पार्किंग से यातायात में होगा सुधार
नई पार्किंग व्यवस्था लागू होने से यातायात दबाव में कमी आएगी। सडक़ पर अनावश्यक भीड़ समाप्त होगी तथा आमजन एवं व्यापारियों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन का वातावरण मिलेगा। कटनी पुलिस नागरिकों से सहयोग की अपील करती है तथा आश्वस्त करती है कि नगर में यातायात व्यवस्था को और अधिक आधुनिक एवं सुचारू बनाने के लिए ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
-अभिनय विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक
कब्जे हटने से मिलेगी जाम की समस्या से मुक्ति
शहर के मुख्य मार्गों से बेजा कब्जों को हटाया जा रहा है। दुकानदारों को हिदायत दी गई है कि वे अपनी हद तक ही सामान रखें। कब्जों को हटाने से सडक़ पर जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। अंदरूनी मार्गों और गलियों से भी अतिक्रमण हटाया जा रहा है, जिससे यातायात में काफी कुछ सुधार देखने को मिल रहा है। यह अभियान लगातार संचालित होगा, जिससे शहर को व्यवस्थित स्वरूप दिया जा सके।
-तपस्या परिहार, आयुक्त, नगर निगम







