भोपालमध्यप्रदेश

अवधपुरी में बुजुर्ग को फरसे-हथौड़ी से किया लहूलुहान, केयरटेकर पर घूमी शक की सुई

अवधपुरी में बुजुर्ग को फरसे-हथौड़ी से किया लहूलुहान, केयरटेकर पर घूमी शक की सुई

भोपाल, यशभारत। राजधानी के अवधपुरी थाना क्षेत्र स्थित श्रीराम कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर अज्ञात बदमाशों ने एक वारदात को अंजाम दिया। घर में दाखिल हुए दो नकाबपोशों ने 71 वर्षीय बुजुर्ग पर हथौड़ी और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनके सिर में 45 टांके आए हैं। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सायरन सुनकर भागे आरोपी, हथियारों के साथ छत पर रहे मुस्तैद
वारदात के बाद आरोपी तुरंत मौके से फरार नहीं हो सके। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, हमले के बाद दोनों बदमाश करीब आधे घंटे तक मकान की छत पर घिरे रहे। इस दौरान वे दहशत फैलाने के लिए तलवार और फरसा लहराकर स्थानीय लोगों को जान से मारने की धमकियां देते रहे। जैसे ही पुलिस की डायल-100 का सायरन गूंजा, आरोपी मौका देखकर छत से कूदकर भाग निकले।

केयरटेकर की भूमिका संदिग्ध, मोबाइल जब्त
पुलिस पड़ताल में घर की केयरटेकर कमला की भूमिका पर गहरा संदेह जताया जा रहा है। घटना के समय पन्ना हीरा खदान से रिटायर्ड कर्मचारी मोहन चौधरी, उनकी वृद्ध पत्नी और केयरटेकर घर में मौजूद थे, जबकि उनका बेटा कॉलेज गया हुआ था। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि बदमाश जब मेन गेट से दाखिल हुए, तब केयरटेकर लगातार फोन पर बात कर रही थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर उसका मोबाइल जब्त कर कॉल डिटेल खंगालना शुरू कर दिया है।

लूट, प्रॉपर्टी और रंजिश के एंगल से जांच जारी
अवधपुरी थाना प्रभारी सुरेश मीना के अनुसार, घायल बुजुर्ग के प्राथमिक बयानों में लूट की बात पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस अब लूट के प्रयास, आपसी दुश्मनी और संपत्ति विवाद जैसे सभी संभावित कोणों से जांच आगे बढ़ा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें गठित की गई हैं।

सुरक्षा को लेकर भड़के रहवासी, थाने का किया घेराव
दिनदहाड़े हुई इस खूनी वारदात के बाद श्रीराम कॉलोनी के निवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना से नाराज रहवासियों ने शुक्रवार शाम अवधपुरी थाने का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया। नागरिकों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और कॉलोनी में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button