मध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

ई-अटेंडेंस लगाकर गायब होना पड़ गया भारी: 4 शिक्षकों को नोटिस, अतिथि शिक्षक का कटेगा वेतन

सागर, यशभारत lशासकीय स्कूलों में ई-अटेंडेंस लगाने के बाद गायब होने वाले शिक्षकों पर अब गाज गिरना तय है।  जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) अरविंद जैन ने मालयौन विकासखंड के आठ विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ई-अटेंडेंस और उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर करने के बाद भी चार शिक्षक स्कूल से नदारद मिले, जबकि एक अतिथि शिक्षक बिना किसी पूर्व सूचना के गैरहाजिर पाई गईं।

निरीक्षण में खुली पोल, जारी हुए नोटिस

निरीक्षण के दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रजवांस के प्राथमिक शिक्षक मुकेश तिवारी तथा शासकीय माध्यमिक विद्यालय पथरिया बामन के शिक्षक अनिल जैन उपस्थिति दर्ज कराने के बाद विद्यालय परिसर में नहीं मिले। इसी तरह शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला रोड़ा में प्राथमिक शिक्षक रामेश्वर प्रसाद कुर्मी और अविनाश कुमार दुबे भी हस्ताक्षर कर गायब पाए गए। DEO ने चारों शिक्षकों की लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, बिना सूचना अनुपस्थित मिलने पर अतिथि शिक्षक कीर्ति नामदेव का एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए गए।

जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिक्षक केवल समय पर स्कूल पहुंचकर ई-अटेंडेंस न लगाएं, बल्कि पूरे समय विद्यालय में उपस्थित रहकर अध्यापन कार्य कराएं। ई-अटेंडेंस के बाद स्कूल से गायब मिलने वालों पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। इसके अलावा, उन्होंने सभी स्कूलों में बची हुई अतिरिक्त निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों और साइकिलों को तत्काल विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) को वापस सौंपने के निर्देश दिए।

साथ ही DEO अरविंद जैन ने शासकीय हाई स्कूल पाली के निर्माणाधीन भवन का अवलोकन कर निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और उसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं, पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लोंगर में भवन निर्माण के रास्ते में आ रही हाईटेंशन लाइन और अतिक्रमण की समस्या का संज्ञान लिया। इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजकर समाधान की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button