भोपाल

जीपीआरएस बंद कर ड्राइवर ने ट्रक चुराया, गिरफ्तार -सीसीटीवी की मदद से पकड़ाया चोर 

जीपीआरएस बंद कर ड्राइवर ने ट्रक चुराया, गिरफ्तार -सीसीटीवी की मदद से पकड़ाया चोर

भोपाल यशभारत। ट्रांसपोर्ट कारोबारी के घर के बहार खड़ा ट्रक बुधवार-गुरुवार की रात चोरी चला गया। ट्रक चोरी की वारदात का पता चलने पर पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो पता चला कि ट्रक को ट्रांसपोर्ट का ड्राइवर ही चुराकर ले गया है। आरोपी ने वारदात को अंजाम देने से पहले ट्रक का जीपीआरएस तोड़कर फेंक दिया। जिससे उसकी लोकेशन न मिल पाए। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर ट्रक जब्त कर लिया है। गोविंदपुरा थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर ने बताया कि पंक्षी बिहार आजाद नगर बरखेड़ा पठानी निवासी देवेन्द्र साहू पुत्र उमाशंकर साहू(32) ट्रांसपोर्ट कारोबारी हैं। उन्होंने बुधवार की रात अपना ट्रक एमपी 04 जीबी 9105 घर के सामने खड़ा कराया था। अगली सुबह गुरुवार को उन्होंने देखा तो ट्रक अपने स्थान से गायब था। इसके बाद उन्होंने ट्रक में लगे जीपीआरएस उसकी लोकेशन पता करनी चाही तो वह बंद मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना देकर अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने फरियादी के घर के पास मेन रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप और चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो पता चला कि ट्रक को उनका ड्राइवर शांति नगर बरखेड़ा पठानी निवासी गोविंद उर्फ गोलू यादव पुत्र मूलचंद(32) चुराकर अपने साथ ले गया है। इसके बाद पुलिस ने अन्य स्थानों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो पता चला कि आरोपी बाबडिय़ा कलॉ की ओर ट्रक लेकर गया है। इसके बाद पुलिस पीछा करते हुए बाबडिय़ा कलॉ नहर के पास पहुंची। जहां पर ट्रक लावारिस हालत में खड़ा मिला। पुलिस ने इस मामले में आरोपी ड्राइवर गोविंद उर्फ गोलू को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने ट्रक चुराने से पहले उसमें लगा जीपीआरएस तोड़कर फेंक दिया है। जिससे ट्रक की लोकेशन न मिल पाए। आरोपी शराब पीने का आदी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button