डॉक्टर की आंखों में मिर्च झोंककर 11 तोला सोना लूटा, बदमाशों का अब तक नहीं लगा सुराग

डॉक्टर की आंखों में मिर्च झोंककर 11 तोला सोना लूटा, बदमाशों का अब तक नहीं लगा सुराग
भोपाल, यशभारत। राजधानी के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले हाई-सिक्योरिटी ज़ोन’ में शुक्रवार सुबह लुटेरों ने पुलिसिंग को चुनौती देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। सीएम हाउस जाने वाले मुख्य मार्ग पर चिनार पार्क के पास बदमाशों ने टीबी ट्रेनिंग सेंटर के डायरेक्टर डॉ. मनोज वर्मा को निशाना बनाया। लुटेरे उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर 11 तोला वजनी सोने का कड़ा, कीमती घड़ी और मोबाइल लेकर रफूचक्कर हो गए।
साजिश के तहत घेराबंदी, फिर हमला
डॉ. वर्मा रोज की तरह बोट क्लब से साइक्लिंग कर घर लौट रहे थे। तभी पीछे से आए एक बाइक सवार ने उन्हें कट मारा, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े। सड़क पर गिरते ही वहां पहले से घात लगाकर खड़े दो अन्य बदमाशों ने उन्हें दबोच लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उनकी आंखों में तीखा मिर्च पाउडर रगड़ दिया और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
गंभीर चोट: कूल्हे की हड्डी टूटी
साइकिल से गिरने और झपट्टा मारने के कारण डॉ. वर्मा के कूल्हे की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया है। उन्हें तत्काल शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है।
पुलिस के हाथ खाली, ‘रेकी’ की आशंका
वारदात के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि बदमाशों ने पूरी रेकी के बाद हमला किया। उन्हें पता था कि डॉक्टर रोजाना इसी समय यहां से गुजरते हैं और हाथ में भारी सोने का कड़ा पहनते हैं।
इनका कहना है..
हमारी टीमें लगातार काम कर रही हैं। कुछ संदिग्ध इनपुट मिले हैं जिन पर तस्दीक की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
भूपेन्द्र कौर सिंधू – थाना प्रभारी, श्यामला हिल्स







