“मौत बिक रही सारे आम, प्रशासन फरमा रहा आराम” : शराब सेवन से युवक की मौत, ग्रामीणों के आक्रोश के आगे झुकी पुलिस, पुरानी संदिग्ध मौतों की भी होगी जांच

सागर, यशभारत ।देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम जैतपुर में 33 वर्षीय युवक अंकुश लोधी की शराब सेवन के दौरान हुई मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने जैतपुर तथा डोमा गांव के निवासियों के साथ मिलकर गौरझामर-केसली मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में बेधड़क चल रहे अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने और इसमें लिप्त दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
जहरीली शराब की आशंका, जांच जारी
प्रदर्शन के दौरान मृतक के परिजनों ने आशंका जताई कि युवक की मौत जहरीली शराब के सेवन से हुई है। हालांकि, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जहरीली शराब से मौत की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, पोस्टमार्टम और वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में बाहरी इलाकों से लाकर अवैध शराब बेची जा रही है, जिससे लगातार लोगों का जीवन संकट में पड़ रहा है।
पुरानी मौतों पर भी उठे सवाल
चक्काजाम के दौरान ग्रामीणों ने दो-तीन माह पूर्व शराब सेवन के कारण हुई संदिग्ध मौतों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने सवाल खड़ा किया कि पिछली घटनाओं के दौरान कुछ मामलों में पोस्टमार्टम क्यों नहीं कराया गया? उन्होंने मांग की कि पूर्व में हुई सभी मौतों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि सच सामने आ सके और अवैध शराब के नेटवर्क को खत्म किया जा सके।
एसडीओपी ने दिया जांच और कार्रवाई का भरोसा
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी अरुण उइके पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों तथा ग्रामीणों से संवाद किया।
एसडीओपी ने आश्वासन दिया कि मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी तथा पूर्व की घटनाओं व अन्य शिकायतों को भी जांच के दायरे में लिया जाएगा।
वहीं गौरझामर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। भविष्य में भी अवैध बिक्री की सूचना मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के ठोस आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
प्रशासन के सामने खड़े मुख्य सवाल- क्षेत्र में अवैध शराब का यह नेटवर्क आखिर किसके संरक्षण में फल-फूल रहा है?
बाहर से लाकर शराब बेचने वाले मुख्य माफियाओं तक पुलिस के हाथ कब पहुंचेंगे?
युवक की मौत का असली कारण क्या था और क्या पुरानी मौतों का सच सामने आ पाएगा?







