जबलपुरमध्य प्रदेश

भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का “पोल खोल हल्ला बोल” आंदोलन 26 मई से

बूथ, पंचायत, मंडलम और ब्लॉक स्तर पर जनसमस्याओं को लेकर होगा प्रदर्शन, धरना

जबलपुर,यशभारत। जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण ने भाजपा सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों और प्रशासनिक विफलताओं के खिलाफ 26 मई से 25 जून तक जिलेभर में “पोल खोल हल्ला बोल” आंदोलन चलाने की घोषणा की है। आंदोलन के तहत बूथ, पंचायत, मंडलम और ब्लॉक स्तर पर जनसमस्याओं को लेकर प्रदर्शन, धरना और विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष संजय यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा गई है और अवैध शराब, जुआ, सट्टा तथा लूट जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पार्टी ने तहसील स्तर पर भ्रष्टाचार, किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ नहीं मिलने, भारी बिजली बिल, बिजली कटौती और ग्रामीण क्षेत्रों में खराब सड़क एवं पेयजल व्यवस्था को भी प्रमुख मुद्दा बताया है।

कांग्रेस ने आदिवासियों को वन अधिकार नहीं मिलने, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली तथा नर्मदा नदी में अवैध रेत उत्खनन को लेकर भी सरकार को घेरा है। पार्टी का कहना है कि गरीब, किसान और मजदूर वर्ग लगातार परेशान है, लेकिन सरकार समस्याओं के समाधान के बजाय केवल दावे कर रही है।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो जून के अंतिम सप्ताह में कलेक्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव कर बड़ा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलन में प्रदेश और जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी शामिल होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button