भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल में कार रेंटल फ्रॉड: 40 गाड़ियां हड़पने वाले अंतरराज्यीय गिरोह पर 3 और एफआईआर, 9 कारें बरामद

भोपाल में कार रेंटल फ्रॉड: 40 गाड़ियां हड़पने वाले अंतरराज्यीय गिरोह पर 3 और एफआईआर, 9 कारें बरामद

मास्टरमाइंड शैलेश जोशी और विश्वजीत का सिंडिकेट; अरेरा हिल्स पुलिस की रिमांड पर हैं 6 आरोपी, मुख्य सरगना अब भी फरार

भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल में लग्जरी और कमर्शियल कारें किराए पर लेकर उन्हें दूसरे राज्यों में अवैध रूप से बेचने और खुर्द-बुर्द करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय सिंडिकेट पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भोपाल पुलिस ने अब इस गिरोह के खिलाफ अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है। इसी कड़ी में शहर के तीन और थानों अयोध्या नगर, पिपलानी और अवधपुरी में आरोपियों के खिलाफ नई एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस ने इन थानों की मदद से गिरोह के कब्जे से 9 और कारें बरामद करने में सफलता हासिल की है।

अलग-अलग थानों से हुई बरामदगी
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, इस नए एक्शन के बाद अयोध्या नगर पुलिस ने गिरोह के ठिकानों से 6 कारें, पिपलानी पुलिस ने 2 कारें और अवधपुरी पुलिस ने 1 कार बरामद की है। इस तरह ताजा कार्रवाई में कुल 9 चार पहिया वाहन जब्त किए जा चुके हैं। पुलिस के मुताबिक, इस पूरे रैकेट के पीछे मास्टरमाइंड शैलेश जोशी और विश्वजीत गौर का दिमाग था, जो बेहद शातिराना तरीके से लोगों को झांसा देकर गाड़ियां ऐंठते थे।

अब तक 40 गाड़ियां जब्त, दूसरे राज्यों में स्क्रैप का खेल
भोपाल पुलिस के अलग-अलग थानों बागसेवनिया, अरेरा हिल्स, अयोध्या नगर, पिपलानी और अवधपुरी की संयुक्त और सिलसिलेवार कार्रवाई के बाद इस पूरे मामले में अब तक कुल 40 कारें बरामद की जा चुकी हैं। पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा भी हुआ है कि आरोपियों ने कई गाड़ियों को पकड़े जाने के डर से दूसरे राज्यों में ले जाकर स्क्रैप भी करवा दिया है। पुलिस अब उन कबाड़ियों और दलालों की भी तलाश कर रही है जो इस अवैध धंधे में शामिल थे।

आज खत्म हो रही है 6 आरोपियों की रिमांड, मास्टरमाइंड की तलाश
मामले में अरेरा हिल्स पुलिस के हत्थे चढ़े गिरोह के 6 आरोपियों को पुलिस ने 20 जून तक की रिमांड पर लिया हुआ था। रिमांड अवधि समाप्त होने के दौरान पुलिस सभी आरोपियों से अन्य गायब गाड़ियों और उनके नेटवर्क को लेकर लगातार पूछताछ कर रही है। हालांकि, पुलिस के लिए इस मामले का मुख्य आरोपी विश्वजीत गौर अभी भी बड़ी चुनौती बना हुआ है, जो फिलहाल फरार चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि विश्वजीत की गिरफ्तारी के बाद कई और बड़े खुलासे होंगे और बड़ी संख्या में कारें बरामद की जा सकेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button