Congress councilor group’s strike ends … पूर्व मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद कांग्रेस पार्षद दल का धरना समाप्त , नेता प्रतिपक्ष ने कहा.. जनहित की लड़ाई कांग्रेस पार्षद सड़कों पर करेंगे…
नगर निगम जबलपुर पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबी है: दिग्विजय सिंह
पूर्व मुख्यमंत्री ने यशभारत से कहा.. सदन में चर्चा से भागती है भाजपा
जबलपुर,यशभारत। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह , पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया ,तरूण भनोट के निर्देश के बाद कांग्रेस पार्षद दल द्वारा नगर निगम परिसर में दिया जा रहा धरना समाप्त कर दिया गया है। मंगलवार को कांग्रेस पार्षद दल से मिलने नगर निगम पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ये धरना समाप्त करवाते हुए कहा कि मैं हमेशा से सदन में लोकतंत्र की व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक चर्चा करने के पक्ष में रहा हूं, मैं जब विधानसभा सत्र में रहता था तो 70 दिन तक से विधानसभा का सत्र कांग्रेस के समय चलता था लेकिन जब से भाजपा सदन में आती है तो वो चर्चा करने में भागती है। श्री सिंह ने ये भी कहा कि नगर निगम जबलपुर पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबी हुई है जिसके पास लेखा समिति तक नहीं है। आलम ये है कि लोगों के काम नहीं हो रहे हैं, आउटसोर्स कर्मचारियों का वेतन नहीं मिल रहा है। विदित हो कि गत दिवस नगर निगम की सदन बैठक में नगर निगम अध्यक्ष द्वारा सर्वसम्मति से 15 अरब का बजट पारित किया गया था जिसे कांग्रेस पार्षद दल ने हिटलरशाही, हठधर्मिता का दर्जा दिया था और तभी से कांग्रेस पार्षद दल धरने पर बैठ गया था।
नेता प्रतिपक्ष ने ये कहा..
इस संबंध में नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने यशभारत को बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया, तरूण भनोट के द्वारा निर्देश दिए गए हैं जनता के हित की लड़ाई कांग्रेस के पार्षद सड़कों पर आकर करें। इसलिए कांग्रेस पार्षद दल द्वारा गत दिवस से दिया जा रहा धरना मंगलवार को समाप्त कर दिया गया है।