सृजन से निखरा बचपन: भोपाल पुलिस ने 500 बच्चों को सिखाए आत्मरक्षा के गुर

सृजन से निखरा बचपन: भोपाल पुलिस ने 500 बच्चों को सिखाए आत्मरक्षा के गुर
भोपाल, यशभारत। भोपाल पुलिस कमिश्नरेट द्वारा बच्चों के लिए आयोजित विशेष एक माह के सृजन कार्यक्रम का समापन हुआ। जोन-04 के थाना छोलामंदिर और निशातपुरा में आयोजित इस शिविर में करीब 500 बच्चों ने न केवल आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) के गुर सीखे, बल्कि साइबर सुरक्षा और अपने अधिकारों के प्रति भी जागरूक हुए।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में सुरक्षा की भावना पैदा करना और उनकी रचनात्मकता को मंच देना था। पुलिस आयुक्त संजय कुमार और एडिशनल सीपी अवधेश गोस्वामी के मार्गदर्शन में चले इस अभियान में मुस्कान और आरंभ संस्थाओं ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया।
साइबर सुरक्षा और बाल अधिकारों पर रहा जोर शिविर के दौरान विशेषज्ञों ने बच्चों को वर्तमान दौर की सबसे बड़ी चुनौती यानी साइबर अपराधों से बचने के तरीके सिखाए। इसके साथ ही बाल सुरक्षा और सुरक्षित व्यवहार पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। डीसीपी जोन-04 मयूर खंडेलवाल ने बताया कि पुलिस अब केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों को निडर और जागरूक बनाना भी हमारी प्राथमिकता है।
समापन अवसर पर बच्चों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। शिविर के दौरान फैंसी ड्रेस, चित्रकला और हस्तकला (क्राफ्ट वर्क) जैसी गतिविधियाँ आयोजित की गईं। बच्चों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों को देखकर उपस्थित अधिकारी और अभिभावक दंग रह गए। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में डीआईजी विनीत कपूर, डीआईजी किरणलता कर्केट्टा, डीसीपी मयूर खंडेलवाल, एसीपी अक्षय चौधरी और थाना प्रभारी मनोज पटवा सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। अभिभावकों ने पुलिस की इस सामुदायिक पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के आत्मविश्वास के लिए मील का पत्थर बताया।







