बोर्ड ऑफिस पर चक्काजाम; CEC के इस्तीफे की मांग

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भोपाल की सड़कों पर उतरी कांग्रेस, बोर्ड ऑफिस पर चक्काजाम; CEC के इस्तीफे की मांग
भोपाल, यशभारत। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मध्य प्रदेश कांग्रेस ने राजधानी भोपाल में उग्र विरोध प्रदर्शन करते हुए मोर्चा खोल दिया है। व्यापमं चौराहे से शुरू हुआ यह प्रदर्शन बोर्ड ऑफिस होते हुए डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा स्थल तक पहुंचा, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं और शीर्ष नेताओं ने जमकर नारेबाजी की और CEC से तत्काल इस्तीफे की मांग की।
सड़कों पर बैठे दिग्गजों ने संभाली कमान
विरोध प्रदर्शन की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, विधायक आरिफ मसूद, विधायक आतिफ अकिल और पीसी शर्मा खुद बोर्ड ऑफिस चौराहे की सड़क पर बैठ गए। नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस, एनएसयूआई और सीपीएम के कार्यकर्ता भी मुख्य सड़क पर जम गए, जिससे काफी देर तक आवागमन प्रभावित रहा।
ज्ञानू, तेरी मैं क्यों मानूं के नारों से गूंजा परिसर
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता हाथों में तीखे नारों वाली तख्तियां और पोस्टर थामे नजर आए। ज्ञानू, तेरी मैं क्यों मानूं और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए लिखे नारों से पूरा प्रदर्शन स्थल गूंज उठा। प्रदर्शन को व्यापमं चौराहे से शुरू करने के फैसले पर विधायक आतिफ अकिल ने कहा कि यह चौराहा युवाओं के हक से जुड़े ऐतिहासिक मामलों का प्रतीक रहा है, इसलिए संविधान बचाओ संदेश के साथ मार्च की शुरुआत यहीं से की गई।
प्रतिमा स्थल पर चढ़कर जताया विरोध
बोर्ड ऑफिस चौराहे पर पहुंचे प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं का आक्रोश उस समय और बढ़ गया जब कुछ कार्यकर्ता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर ऊपर चढ़ गए। कार्यकर्ताओं ने संविधान निर्माता की प्रतिमा के पास खड़े होकर चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था की बहाली की मांग उठाई।







