पुलिसकर्मी के घर में घुसकर बुजुर्ग महिला पर पत्थर से हमला, कान नोचकर बाली और चेन लूटी

पुलिसकर्मी के घर में घुसकर बुजुर्ग महिला पर पत्थर से हमला, कान नोचकर बाली और चेन लूटी
एसएएफ जवान की मां की हालत गंभीर, अस्पताल में सिर की सर्जरी
भोपाल, यशभारत। राजधानी के निशातपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत करोंद इलाके में गुरुवार सुबह मानवता को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई। एक बदमाश ने एसएएफ के जवान के घर में घुसकर उसकी 65 वर्षीय मां पर जानलेवा हमला किया और जेवर लूटकर फरार हो गया। आरोपी ने बुजुर्ग महिला के सिर और चेहरे पर पत्थर से इतने वार किए कि वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गईं। वारदात की क्रूरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आरोपी ने कान की बाली खींचकर नोच ली, जिससे महिला का कान कट गया।
पूजा के कमरे में ले जाकर किया जानलेवा हमला
जानकारी के अनुसार, राजीव मेमोरियल स्कूल के पास रहने वाली शैल कुमारी मिश्रा (65) सुबह घर में अकेली थीं। सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच एक अज्ञात बदमाश घर में दाखिल हुआ। उसने शोर मचाने से रोकने के लिए महिला का मुंह दबाया और उन्हें जबरन घसीटते हुए पूजा के कमरे में ले गया। वहां हवन के लिए रखे भारी पत्थर से उसने महिला के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। वृद्धा ने बचने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें तब तक पीटा जब तक वे बेसुध नहीं हो गईं।
बाली नोची, चेन लूटी और भाग निकला
महिला के बेहोश होते ही आरोपी ने उनके गले से सोने की चेन और कान से बालियां झपट लीं। बाली खींचने की वजह से महिला का कान बुरी तरह फट गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार, सिर की चोट गंभीर है और उनकी सर्जरी की जा रही है।
पुलिस परिवार ही सुरक्षित नहीं
पीड़िता शैल कुमारी के पति देवेंद्र मिश्रा पुलिस विभाग में एएसआई थे, जिनका वर्ष 2014 में निधन हो गया था। उनके बाद बेटे काशीनाथ मिश्रा को अनुकंपा नियुक्ति मिली, जो वर्तमान में एसएएफ में आरक्षक हैं। दिनदहाड़े एक पुलिसकर्मी के घर में घुसकर हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इनका कहना है..
हमने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शुरुआती जांच में हुलिए के आधार पर किसी मजदूर पर संदेह है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मनोज पटवा, थाना प्रभारी, निशातपुरा







