जश्न का सुरूर, बंदूक का कहर: नाल फटते ही उड़े चीथड़े, दहकते अंगारों में तब्दील हुई दिवाली, एक व्यक्ति की मौत, आरोपी हिरासत में

निवास (यश भारत)। निवास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जंगलिया (आंटी टोला) में दिवाली पर्व की रात खुशियां मातम में बदल गईं। फायरिंग के दौरान भरमार बंदूक फटने और गोली लगने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिवाली की रात आंटी टोला ग्राम जंगलिया में भरमार बंदूक से फायरिंग के दौरान अचानक बंदूक फट गई, जिससे निकली गोली लगने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। लहूलुहान हालत में परिजन उसे तुरंत एक निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निवास लेकर पहुंचे, जहां परीक्षण उपरांत चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शव परिजनों को सौंपा, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही निवास थाना पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया है और घटना के वास्तविक कारणों तथा अवैध हथियार के स्रोतों की गहराई से जांच कर रही है।







