
गुढ़ में बस को बलकर ने मारी टक्कर, 3 की मौत; 8 की हालत गंभीर
रीवा। रीवा-सीधी मार्ग पर गुढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बदवार स्टैंड के पास तेज रफ्तार बलकर ने सीधी जा रही बघोर ट्रैवल्स की यात्री बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी, जबकि बलकर भी सड़क पर पलट गया। हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कम से कम आठ यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। बस में सवार अन्य यात्रियों को भी चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े।
ग्रामीणों ने चलाया बचाव अभियान
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल उपचार के लिए रीवा के अस्पतालों में भेजा गया है। गंभीर घायलों की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।







