मुख्य डाकघर और पासपोर्ट शाखा को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
ई-मेल से मिली सूचना के बाद परिसर खाली, बम स्क्वॉड ने की सर्चिंग

जबलपुर, यशभारत। शहर के मुख्य डाकघर स्थित पासपोर्ट शाखा में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब ई-मेल के जरिए डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
एहतियातन पुलिस ने तत्काल डाकघर परिसर को खाली करवा दिया और आसपास के क्षेत्र में यातायात भी रोक दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे परिसर में सघन सर्चिंग अभियान चलाया, लेकिन जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह डाकघर खुलने के बाद पासपोर्ट शाखा के प्रभारी नियमित रूप से ई-मेल चेक कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध ई-मेल सामने आया, जिसमें डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। मेल में यह भी दावा किया गया था कि परिसर में विस्फोटक सामग्री रखी गई है।
धमकी भरा मेल मिलते ही पासपोर्ट प्रभारी ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे डाकघर को खाली कराया गया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
फिलहाल पुलिस ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है और साइबर सेल की मदद से मामले की जांच की जा रही है।






