सुढ़ियामऊ रेलवे स्टेशन के पास अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद
ट्रैक किनारे क्षत-विक्षत हालत में मिला शव, पहचान के प्रयास जारी

बाराबंकी:- जिले के रामनगर क्षेत्र में सुढ़ियामऊ रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी बुढ़वल ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है।
जीआरपी के अनुसार, 6/7 जुलाई 2026 की रात सुढ़ियामऊ रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे ट्रैक के किलोमीटर संख्या 10/8 से 10/9 के बीच करीब 55 वर्षीय अज्ञात पुरुष का शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही जीआरपी बुढ़वल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जीआरपी बुढ़वल प्रभारी दुर्गेश कुमार ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मृतक की शिनाख्त कराने के लिए आसपास के सभी थाना क्षेत्रों और पुलिस चौकियों को सूचना दे दी गई है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अज्ञात शव की पहचान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। वहीं, शव मिलने की घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।







