जबलपुरदेशमध्य प्रदेशराज्य

आवारा कुत्ते का जानलेवा हमला: गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल में तोड़ा दम

जबलपुर,यशभारत

जबलपुर,यशभारत। गोहलपुर थाना क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। क्षेत्र में एक युवक पर आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। शरीर पर कई जगह गहरे घाव होने के कारण युवक की हालत नाजुक हो गई। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, देर रात गोहलपुर क्षेत्र से गुजर रहे एक अज्ञात युवक पर एक कुत्ते ने हमला कर दिया। हमले में युवक के शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह कुत्ते को भगाया और घायल युवक को तत्काल विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने युवक का उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। आज सुबह करीब 6 बजे उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर गोहलपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर रही है तथा गुमशुदगी की रिपोर्ट और लापता व्यक्तियों के रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि युवक की शिनाख्त कर उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर चिंता जताते हुए नगर निगम और प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हमला करने वाला श्वान वास्तव में आवारा था या किसी व्यक्ति का पालतू कुत्ता, जिसे खुले में छोड़ दिया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button