भोपालमध्य प्रदेश

वाहन रैली पर बीजेपी की सख्ती, जिलाध्यक्ष की छुट्टी; पीएम की ऊर्जा बचत अपील की अवहेलना पर बड़ा एक्शन

वाहन रैली पर बीजेपी की सख्ती, जिलाध्यक्ष की छुट्टी; पीएम की ऊर्जा बचत अपील की अवहेलना पर बड़ा एक्शन

भोपाल, यश भारत: मध्य प्रदेश भाजपा संगठन ने अनुशासनहीनता के मामले में एक बेहद कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ा एक्शन लिया है। किसान मोर्चा की एक रैली के बाद उपजे विवाद के चलते भिंड जिले के किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष सज्जन सिंह यादव की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई है। ग्वालियर से भिंड तक सैकड़ों वाहनों की रैली निकालना जिलाध्यक्ष को भारी पड़ गया है। ऊर्जा बचत को लेकर पीएम मोदी की अपील के बावजूद निकाली रैली

दरअसल, कल दिनांक 13 मई 2026 को सज्जन सिंह यादव के नेतृत्व में ग्वालियर से भिंड तक सैकड़ों वाहनों के विशाल काफिले के साथ एक रैली का आयोजन किया गया था। इस रैली की तस्वीरें और खबरें समाचार पत्रों व सोशल मीडिया के माध्यम से संगठन के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचीं।

एक तरफ जहां देश के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी लगातार जनता से ऊर्जा बचतकी भावुक अपील कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पार्टी के ही जिम्मेदार पदाधिकारी द्वारा सैकड़ों गाड़ियों का काफिला निकालना संगठन को रास नहीं आया। प्रदेश संगठन ने इसे प्रधानमंत्री की अपील की खुली अवहेलना और गंभीर अनुशासनहीनता माना है।

हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर हटाए गए सज्जन सिंह यादव

मामले की गंभीरता को देखते हुए बीजेपी संगठन ने तुरंत एक्शन मोड में काम किया। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष व विधायक माननीय  हेमंत खंडेलवाल जी के स्पष्ट निर्देश पर यह बड़ी कार्रवाई की गई है।

जारी आदेश में कहा गया है कि सज्जन सिंह यादव की भिंड जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष पद पर की गई नियुक्ति को तुरंत प्रभाव से निरस्त किया जाता है।

पार्टी कार्यकर्ताओं को सख्त संदेश

भिंड में किसान मोर्चा की इस रैली के बाद प्रदेश संगठन द्वारा की गई इस त्वरित कार्रवाई ने पूरी पार्टी में हड़कंप मचा दिया है। इस कड़े कदम से बीजेपी आलाकमान ने यह साफ और स्पष्ट संदेश दे दिया है कि संगठन की नीतियों, अनुशासन और प्रधानमंत्री की अपीलों के खिलाफ जाने वाले किसी भी नेता को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न हो।

इस कार्रवाई की प्रतिलिपि प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित संबंधित संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी और जिला अध्यक्षों को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button