बिहार में नई सरकार की हलचल तेज, मुख्यमंत्री आवास पर जुटे दिग्गज नेता
2 बजे होने वाली विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक

पटना। बिहार की सियासत में नई सरकार के गठन को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री आवास पर राजनीतिक हलचल बढ़ गई है और जदयू के वरिष्ठ नेताओं का वहां पहुंचना लगातार जारी है। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह सबसे पहले मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जिसके बाद मंत्री विजय चौधरी भी वहां पहुंचे। इससे पहले संजय झा की मौजूदगी में नेताओं के बीच नई सरकार के गठन को लेकर चर्चा शुरू हो चुकी है।
इधर, भाजपा की ओर से भी हलचल तेज है। जानकारी के अनुसार शिवराज सिंह चौहान और नितिन नवीन एक साथ पटना पहुंचेंगे, जहां पार्टी के कोर ग्रुप के नेता एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करेंगे।
दोपहर 2 बजे होने वाली विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक को लेकर सभी कोर ग्रुप सदस्यों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में सरकार गठन को लेकर अहम निर्णय लिए जा सकते हैं। बिहार की राजनीतिक सरगर्मियों के बीच अब सभी की नजरें आज होने वाली बैठकों पर टिकी हैं, जहां से नई सरकार के स्वरूप को लेकर तस्वीर साफ हो सकती है।







