भीषण गर्मी से बेहाल भोपाल, वन विहार में जानवरों के लिए विशेष इंतजाम – पारा 44 डिग्री के पार, शेर-बाघ के बाड़ों में कूलर और ग्रीन नेट लगाए गए

भीषण गर्मी से बेहाल भोपाल, वन विहार में जानवरों के लिए विशेष इंतजाम
– पारा 44 डिग्री के पार, शेर-बाघ के बाड़ों में कूलर और ग्रीन नेट लगाए गए
भोपाल, यश भारत। राजधानी भोपाल में भीषण गर्मी का असर अब इंसानों के साथ-साथ वन्य जीवों पर भी दिखाई देने लगा है। शहर का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। गुरुवार सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं का दौर जारी रहा। सुबह करीब 11:30 बजे ही तापमान 38 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे लोगों को दोपहर जैसी तपिश महसूस होने लगी।
भीषण गर्मी को देखते हुए वन विहार राष्ट्रीय उद्यान प्रशासन ने जानवरों को राहत देने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। शेर, बाघ और तेंदुओं के हाउस की खिड़कियों पर पर्दे और ग्रीन नेट लगाए गए हैं, ताकि तेज धूप और गर्म हवा का असर कम किया जा सके। इसके अलावा बाड़ों में पानी की होद लगातार भरी जा रही है, जहां बाघ और अन्य वन्य जीव पानी में बैठकर गर्मी से राहत लेते नजर आ रहे हैं। वन विहार के संचालक विजय कुमार ने बताया कि जानवरों के हाउस में कूलर लगाए गए हैं और उन्हें मिनरल मिक्सचर व साल्ट लिक्स भी दिए जा रहे हैं, ताकि गर्मी के कारण उनके स्वास्थ्य पर असर न पड़े। वहीं हिरण, सांभर और अन्य खुले क्षेत्र में रहने वाले जानवरों के लिए पर्याप्त पानी और हरे चारे की व्यवस्था की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार इस बार मई महीने में गर्मी ने कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। मध्यप्रदेश के कई शहरों में तापमान 44 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है। प्रदेश के खजुराहो, नौगांव, निवाड़ी, दतिया और राजगढ़ जैसे शहर भट्ठी की तरह तप रहे हैं। खजुराहो में बुधवार को अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा।
मौसम विभाग ने भोपाल सहित पूरे प्रदेश में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में तीव्र लू का रेड अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।
भोपाल में भी दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा दिखाई दे रहा है। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। अस्पतालों में भी गर्मी से संबंधित बीमारियों के मरीज बढ़ने लगे हैं। चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर में धूप से बचने, अधिक पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।







