सर्विस रोड पर मिला अज्ञात व्यक्ति का शव

सर्विस रोड पर मिला अज्ञात व्यक्ति का शव
भोपाल, यशभारत। राजधानी के बागसेवनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत आज शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब आर.आर.एल. और बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय के पास वाली सर्विस रोड पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा।
मिली जानकारी के अनुसार, आज सुबह के समय स्थानीय लोगों ने सर्विस रोड के किनारे एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में देखा था। पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी मृत्यु हो चुकी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत बागसेवनिया पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर शव को अपने कब्जे में ले लिया है।
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि व्यक्ति वहां कैसे पहुंचा। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।







