रायसेन में नल जल योजना की टंकी में असामाजिक तत्वों ने घोला जहर

रायसेन में नल जल योजना की टंकी में असामाजिक तत्वों ने घोला जहर
भोपाल, यशभारत। राजधानी से लगे रायसेन जिले में नल जल योजना के तहत होने वाली पेयजल आपूर्ति को लेकर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। किसी अज्ञात असामाजिक तत्व द्वारा सार्वजनिक पानी की टंकी में कीटनाशक मिला दिए जाने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। घटना का खुलासा होते ही प्रशासन ने त्वरित कदम उठाते हुए पानी की सप्लाई को तुरंत रोक दिया है, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गए हैं। पुलिस की टीम ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। इसके साथ ही जल विभाग की ओर से टंकी के पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं और टंकी की पूरी तरह से सफाई और शुद्धिकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि जब तक पानी की गुणवत्ता पूरी तरह से सुरक्षित घोषित नहीं हो जाती, तब तक सप्लाई का उपयोग न करें।







