भोपाल-इंदौर हाईवे कल से तीन दिन डायवर्ट, वाहनों को लगाना पड़ेगा चक्कर

भोपाल-इंदौर हाईवे कल से तीन दिन डायवर्ट, वाहनों को लगाना पड़ेगा चक्कर
भोपाल, यशभारत। पवित्र श्रावण मास के उपलक्ष्य में सीवन तट से कुबेरेश्वर धाम तक निकलने वाली विशाल कांवड़ यात्रा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। भोपाल-इंदौर हाईवे पर 23 अगस्त की सुबह 6 बजे से 25 अगस्त की रात 12 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान हाईवे से गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी आदेश के अनुसार, भोपाल से आष्टा, देवास, उज्जैन और इंदौर की ओर जाने वाले कार, बस व अन्य छोटे वाहनों को सीहोर के न्यू क्रिसेंट चौराहे से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन भाऊखेड़ी जोड़ और अमलाहा होते हुए पुनः मुख्य मार्ग पर पहुंचेंगे। इंदौर की ओर से भोपाल आने वाले वाहनों के लिए भी यही मार्ग तय किया गया है, जिससे छोटे वाहनों को करीब 9 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ेगा।
वहीं, भारी मालवाहकों और कमर्शियल वाहनों का रूट पूरी तरह बदल दिया गया है। भारी वाहनों को मुबारकपुर जोड़ और तुमड़ा जोड़ से वाया श्यामपुर, कुरावर, ब्यावरा, शाजापुर और मक्सी होते हुए निकाला जाएगा। इस व्यवस्था के चलते भारी वाहनों को करीब 80 किलोमीटर का लंबा सफर तय करना होगा। कन्नौद और खातेगांव से आने वाले वाहनों को भी आष्टा, शुजालपुर और ब्यावरा मार्ग से डायवर्ट किया गया है।







