भोपालमध्य प्रदेश

धर्मांतरण और जबरन निकाह कांड का मास्टरमाइंड बस्सू भोपाल से दबोचा, दर्ज हैं दो दर्जन से अधिक केस

धर्मांतरण और जबरन निकाह कांड का मास्टरमाइंड बस्सू भोपाल से दबोचा, दर्ज हैं दो दर्जन से अधिक केस

​भोपाल,यशभारत। भोपाल-अशोकनगर के बहुचर्चित धर्मांतरण, शोषण और जबरन निकाह मामले में गठित विशेष जांच दल को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसआईटी ने इस पूरे सिंडिकेट के मुख्य मास्टरमाइंड बस्सू उर्फ बशीर को भोपाल से धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी राजधानी के जहांगीराबाद अंतर्गत बरखेड़ी इलाके का रहने वाला है, जिस पर नाबालिग बालिकाओं के धर्मांतरण, उनके शोषण और जबरन निकाह के काले कारोबार में मुख्य रूप से सहयोग करने का गंभीर आरोप है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पकड़ा गया मुख्य आरोपी बस्सू उर्फ बशीर आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ अकेले भोपाल के जहांगीराबाद थाने में ही हत्या का प्रयास, अड़ीबाजी और मारपीट जैसे दो दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी की आपराधिक सक्रियता को देखते हुए पूर्व में उस पर दो बार राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत भी कड़ी कार्रवाई की जा चुकी है। इसके बावजूद वह लगातार इस बड़े नेटवर्क को ऑपरेट कर रहा था।

​गौरतलब है कि इस चर्चित मामले में एसआईटी पहले ही मुस्तैदी दिखाते हुए गिरोह से जुड़े मुख्य आरोपियों अल्तमश कुरैशी, आहद शेख और जस्सी किन्नर समेत कई अन्य चेहरों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस पूरे सिंडिकेट में बस्सू की गिरफ्तारी को बेहद अहम माना जा रहा है। फिलहाल एसआईटी आरोपी को रिमांड पर लेकर पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि इस धर्मांतरण और निकाह रैकेट के पीछे और कौन-कौन से संदिग्ध चेहरे शामिल हैं, जिससे आने वाले दिनों में कुछ और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button