एमपी में पीक ऑवर्स में बढ़ेगी बिजली दर, कांग्रेस ने बताया जनविरोधी फैसला
Electricity rates to rise during peak hours in MP, Congress calls it anti-people decision

एमपी में पीक ऑवर्स में बढ़ेगी बिजली दर, कांग्रेस ने बताया जनविरोधी फैसला
भोपाल यश भारत । मध्य प्रदेश में 1 अप्रैल से लागू होने जा रहे नए बिजली टैरिफ को लेकर सियासत तेज हो गई है। शाम के पीक ऑवर्स में बिजली दरों में वृद्धि के फैसले पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा है और इसे आम जनता के खिलाफ बताया है। प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी मुकेश नायक ने बयान जारी कर कहा कि यह बेहद अजीब और दुर्भाग्यपूर्ण निर्णय है कि शाम 6 बजे से रात 10 बजे के बीच बिजली दरें बढ़ाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यही वह समय होता है जब मजदूर काम से घर लौटते हैं, बच्चे पढ़ाई करते हैं और परिवार के लोग खाना बनाते-खाते हैं।
नायक ने आरोप लगाया कि सरकार ने जानबूझकर ऐसे समय को चुना है जब बिजली की सबसे अधिक जरूरत होती है, जिससे आम उपभोक्ताओं पर सीधा आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने इसे गलत और जनविरोधी राजनीति करार देते हुए कहा कि यह फैसला गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की मुश्किलें बढ़ाएगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस निर्णय पर पुनर्विचार किया जाए और आम जनता को राहत देने के लिए बिजली दरों में वृद्धि वापस ली जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने यह फैसला नहीं बदला तो कांग्रेस इस मुद्दे को जनता के बीच जोर-शोर से उठाएगी। प्रदेश में नए टैरिफ लागू होने के साथ ही उपभोक्ताओं के बिजली बिल में बढ़ोतरी तय मानी जा रही है, जिससे आने वाले दिनों में यह मुद्दा और अधिक राजनीतिक तूल पकड़ सकता है।







