शादी के नाम पर मासूमों की सौदेबाजी: जबलपुर में नाबालिग तस्करी गिरोह का खुलासा, 9 आरोपी गिरफ्तार
गिरोह के तार राजगढ़ और रतलाम जिलों तक फैले हुए हैं

जबलपुर,यशभारत। शहर में नाबालिग लड़कियों के अपहरण और उन्हें शादी के नाम पर बेचने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग पीड़िता को सुरक्षित बरामद कर लिया है। मामला घमापुर थाना क्षेत्र का है, जहां 25 नवंबर को एक नाबालिग लड़की के लापता होने की शिकायत दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया और जांच शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद 22 दिसंबर को महिला थाना प्रभारी की सहायता से पीड़िता को खोज निकाला गया।
पीड़िता के बयान ने पूरे मामले की भयावह सच्चाई उजागर कर दी। जांच में सामने आया कि मनीष सपेरा नामक आरोपी ने लड़की को जबलपुर रेलवे स्टेशन से बहला-फुसलाकर अपने कब्जे में लिया और फिर उसे गुना में रहने वाले अपने रिश्तेदार के पास भेज दिया। इसके बाद आरोपियों ने मिलकर नाबालिग का सौदा कर दिया और उसे शुजालपुर निवासी आकाश निर्वाण को शादी के नाम पर बेच दिया।
पुलिस की जांच में यह भी पता चला है कि इस गिरोह के तार राजगढ़ और रतलाम जिलों तक फैले हुए हैं। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरे मामले पर डीएसपी भगत सिंह ने बताया कि पुलिस इस गिरोह की जड़ों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है, ताकि भविष्य में इस तरह के अपराधों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।







