ओएफके में कर्मी की अंगुली कटी, अवकाश के दिन ऑफ बेसिस पर कर रहा था काम, देखे वीडियो …….

जबलपुर, यश भारत | आयुध निर्माणी खमरिया के ए-4 अनुभाग में आज सुबह एक कर्मचारी की उँगली बुरी तरह कट गई, जिसे घायल अवस्था में निजी अस्पताल भेज दिया गया है। जहां उसका उपचार किया जा रहा है। सूत्रों से मिली सूचना के अनुसार आज छठ के कारण ऑर्डनेंस फैक्ट्री खमरिया में अवकाश था, लेकिन कुछ कर्मचारियों को ऑॅफ बेसिस पर ड्यूटी पर लगाया गया था।
ए-4 अनुभाग में भी मैकेनिकल मशीन पर कम्पोनेन्ट की प्रेसिंग का काम चल रहा था। सुबह करीब 10 बजे जब तेजभान सिंह काम पर जुटे थे तभी उनके बाएं हाथ की रिंग फिंगर मशीन के नीचे आ गई। बटन दबने के कारण उँगली का अगला हिस्सा कट गया। मौके पर मौजूद साथियों एवं स्टॉफ ने उन्हें तत्काल फैक्ट्री डिस्पेंसरी भेजा। वहां से उन्हें मार्बल सिटी अस्पताल के लिये रिफर कर दिया गया, जहां चन्द्रभान की हालत स्थिर बताई गई है। घटना के बाद सभी जिम्मेदार अधिकारी अस्पताल पहुंच गये थे।
पीआरओ को फोन उठाने का समय नहीं
घटना की जानकारी के संबंध में निर्माणी के प्रशासनिक अधिकारी अविनाश शंकर, जिनके पास पीआरओ की भी जिम्मेदारी है, फोन लगाया गया। मोबाइल की घंटी बजती रही, लेकिन न तो उन्होंने तत्काल कोई जानकारी दी, न बाद में रिस्पांस दिया। ऐसे में पीआरओ का होना, न होना किस तरह कोई मायने नहीं रखता।







