17 लाख डकार गया अमृत सरोवर, 17 इंच पानी भी नसीब नहीं..! पानी के नाम पर सरकारी धन की बर्बादी..?

जबलपुर यशभारत। जल संरक्षण और ग्रामीण क्षेत्रों में भूजल स्तर बढ़ाने के उद्देश्य से सरकार की महत्वाकांक्षी अमृत सरोवर योजना के तहत करोड़ों रुपये खर्च कर तालाबों का जो निर्माण कार्य पूर्व में कराया गया था उसमें काफी हद तक कागजी खानापूर्ति की गई। अमृत सरोवर तालाबों की जमीनी हकीकत सरकारी दावों की तस्वीर कुछ और ही बयां कर रही है।मझौली विकासखंड की हटौली ग्राम पंचायत के सिद्ध बाबा के पास मझौली पोला कटंगी मार्ग पर करीब 17 लाख 89 हजार रुपये की लागत से तैयार अमृत सरोवर तालाब अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है।
.jpeg)
हैरानी की बात यह है कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद तालाब में 17 इंच भी पानी नहीं है। और इस तालाब में झाड़ झंकाड लगे हुए हैं।ऐसे में निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सरकारी राशि के उपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। बता दें कि अमृत सरोवर योजना का मूल उद्देश्य वर्षा जल का संचयन कर गांवों में जल संकट से निपटना, भूजल स्तर को बढ़ाना और पशु-पक्षियों सहित ग्रामीणों को पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। लेकिन इस जगह पर तैयार तालाब की स्थिति देखकर योजना के उद्देश्य पर ही सवाल उठने लगे हैं। आखिर 17 लाख 89 हजार रुपये की राशि खर्च होने के बाद भी तालाब में पर्याप्त पानी क्यों नहीं रुक पा रहा है? क्या निर्माण के दौरान तकनीकी मानकों का पालन किया गया था? क्या तालाब की गहराई, चौड़ाई और जल संग्रहण क्षमता का सही आकलन किया गया था?
आखिर कौन है इसका जिम्मेदार
तालाब में पानी का ठहराव नहीं होना निर्माण की गुणवत्ता, स्थल चयन और तकनीकी कार्यप्रणाली की जांच की जरूरत को सामने ला रहा है। यदि निर्माण निर्धारित मापदंडों के अनुरूप हुआ है तो फिर इतनी कम जल संग्रहण क्षमता के पीछे कारण क्या है? वहीं, यदि निर्माण में लापरवाही या अनियमितता हुई है तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है? मामले में निर्माण कार्य से जुड़े अभिलेखों, स्वीकृत राशि, तकनीकी स्वीकृति, मूल्यांकन और भुगतान की जांच कराई जाना जरूरी है। साथ ही मौके पर तकनीकी अधिकारियों की टीम भेजकर तालाब की वास्तविक स्थिति का परीक्षण कराया जाना चाहिए।
अमृत सरोवर पानी रोकने में ही नाकाम
ग्रामीणों के लिए जल संरक्षण की उम्मीद बनकर तैयार हुआ अमृत सरोवर यदि पानी रोकने में ही नाकाम साबित हो रहा है तो 17 लाख 89 हजार रुपये के खर्च का औचित्य भी जांच के दायरे में आना चाहिए।अब सवाल यह है कि इस अमृत सरोवर में पानी नहीं ठहरने की वजह प्राकृतिक स्थिति है या निर्माण में बरती गई लापरवाही? इसका जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा।
तो निर्माण कार्यों की कई तस्वीरें चौंकाने वाली होंगी
उल्लेखनीय है कि जिले में विकास के नाम पर बनाए गए अमृत सरोवरों की यदि निष्पक्ष जांच और मौके पर जाकर बारीकी से पड़ताल की जाए तो निर्माण कार्यों की कई चौंकाने वाली तस्वीरें सामने आ सकती हैं। कागजों में विकास की इबारत लिखने वाले जिम्मेदारों के कामकाज की हकीकत तालाबों की खुदाई, मेड़, गहरीकरण और निर्माण की गुणवत्ता देखकर उजागर हो सकती है।आशंका है कि कई स्थानों पर सरकारी राशि खर्च करने के नाम पर महज औपचारिकता निभाई गई है। जरूरत इस बात की है कि अमृत सरोवरों की परत-दर-परत जांच हो, ताकि पता चल सके कि जल संरक्षण की इस महत्वाकांक्षी योजना में कितना काम जमीन पर हुआ और कितना सिर्फ कागजों में सिमटकर रह गया।
क्या कहते हैं अधिकारी…
अमृत सरोवर तालाबों की मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच की जाएगी और निर्माण कार्य में गड़बड़ी पाई गई तो निश्चित तौर पर संबंधितों पर कार्रवाई की जायेगी।
*अभिषेक गेहलोत.सीईओ जिला पंचायत जबलपुर*







