रीवा सुपरफास्ट में 10 लाख की चोरी के मामले में एक आरोपी हिरासत में
अन्य आरोपियों की तलाश जारी , पीड़ित का मोबाइल बरामद

जबलपुर यशभारत। रीवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस में करीब 10 लाख रुपये मूल्य के जेवरात, नगदी और अन्य सामान की चोरी के चर्चित मामले में जीआरपी को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। जीआरपी ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि उसके कब्जे से पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद किया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि 9 जून को रीवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे रामदत्त पाठक परिवार के साथ रीवा से भोपाल की यात्रा कर रहे थे । गाड़ी 9 जून को कटनी से खुलने के बाद आउटर के समीप पहुंची थी कि उनकी पत्नी के सिर के नीचे रखे पर्स को एक नकाबपोश छीन कर भाग गया था। जिसमें जेवरात सहित नगदी और मोबाइल फोन रखा हुआ था जिसकी कीमत 10 लख रुपए के लगभग थी। घटना की रिपोर्ट पीड़ित द्वारा जीआरपी में दर्ज कराई गई थी। जिसके बाद इस लाखों रुपये की चोरी के मामले में जीआरपी ने जांच तेज करते हुए आरोपियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। पूछताछ के दौरान उसके कब्जे से पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद किया गया । जानकारी के मुताबिक वारदात के बाद जीआरपी की दो टीमें गठित की गई। उक्त टीमों द्वारा लगातार सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी कड़ी में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में चोरी की वारदात किसी संगठित गिरोह द्वारा अंजाम दिए जाने की आशंका भी जताई जा रही है जीआरपी का कहना है कि जल्द ही मामले का पूर्ण खुलासा कर शेष आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
…फैक्ट फाइल…
-घटना 9 जून ट्रेन कटनी से छूटने के बाद
-जबलपुर जीआरपी में जीरो में कायमी कर डायरी को कटनी जीआरपी भेजी
-अब तक की कार्रवाई
एक संदिग्ध हिरासत में
-पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद
-अन्य आरोपियों की तलाश जारी
-तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज
-संगठित गिरोह की भूमिका की जांच जारी
*क्या कहते हैं रेल एसपी*
इस मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है जिसके कब्जे से पीड़ित का मोबाइल जप्त हुआ है इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।घटना का खुलासा शीघ्र होगा।
सुरेन्द्र सिंह कनेश
पुलिस अधीक्षक रेल








