अब हवाई सफर हुआ महंगा, एयरलाइंस कंपनियों ने 25 से 115 प्रतिशत तक बढ़ाया किराया
मुंबई, यश भारत ।

अब हवाई सफर हुआ महंगा, एयरलाइंस कंपनियों ने 25 से 115 प्रतिशत तक बढ़ाया किराया
मुंबई, यश भारत । पहले रसोई गैस और खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी ने लोगों को परेशान किया, और अब हवाई यात्रा भी महंगी हो गई है। देश की एयरलाइंस कंपनियों ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के किराए में 25 प्रतिशत से लेकर 115 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर दी है।दरअसल, सरकारी तेल कंपनियों ने अप्रैल माह के लिए एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की नई कीमतों की घोषणा की है, जिसमें भारी इजाफा किया गया है। इतिहास में पहली बार एटीएफ की कीमत 2 लाख रुपये प्रति किलोलीटर के पार पहुंच गई है। ईंधन की कीमतों में इस अप्रत्याशित वृद्धि का सीधा असर हवाई किरायों पर देखने को मिल रहा है।
हालांकि भारत सरकार ने निर्धारित घरेलू उड़ानों के किराए में बढ़ोतरी को लगभग 25 प्रतिशत तक सीमित रखने की कोशिश की है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में स्थिति काफी अलग है। यहां किराए में 115 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है। कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर टिकट की कीमतों में 200 प्रतिशत तक उछाल देखा जा रहा है।मुंबई से दिल्ली रूट पर किराए में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। एयर इंडिया ने अपना किराया 5,800 रुपये से बढ़ाकर 7,800 रुपये कर दिया है, जो करीब 34 प्रतिशत अधिक है। वहीं इंडिगो ने किराया 44 प्रतिशत बढ़ाकर 7,500 रुपये कर दिया है। स्पाइसजेट ने सबसे अधिक बढ़ोतरी करते हुए अपना किराया 80 प्रतिशत बढ़ाकर 9,000 रुपये तक पहुंचा दिया है।
मुंबई से बेंगलुरु मार्ग पर भी किराए में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जहां विभिन्न एयरलाइंस कंपनियों ने अपने किराए क्रमशः 5,500 से 5,700 रुपये के बीच कर दिए हैं। इसी तरह दिल्ली से पुणे रूट पर स्पाइसजेट ने लगभग 59 प्रतिशत की बढ़ोतरी करते हुए किराया 7,119 रुपये कर दिया है।







