एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा मौत मामला: हाईकोर्ट ने आरोपी पूर्व जज सास से मांगा जवाब, दिल्ली से भोपाल पहुंची CBI

एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा मौत मामला: हाईकोर्ट ने आरोपी पूर्व जज सास से मांगा जवाब, दिल्ली से भोपाल पहुंची CBI
हाईकोर्ट ने आरोपी पूर्व जज गिरिबाला सिंह को जारी किया नोटिस, भदभदा घाट पर हुआ अंतिम संस्कार, ऋषिकेश में विसर्जित होंगी अस्थियां
भोपाल, यशभारत। एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट से लेकर हाईकोर्ट और जिला अदालत तक बड़ी कानूनी हलचल रही। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में खुद संज्ञान लेते हुए सुनवाई की और केस की जांच सीबीआई को सौंप दी। दिल्ली से सीबीआई की टीम भोपाल पहुंचकर स्थानीय पुलिस से केस की डायरी और हैंडओवर लेगी। वहीं, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने आरोपी सास व रिटायर्ड जिला जज गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत का विरोध करने वाली याचिका पर उन्हें नोटिस जारी कर 27 मई तक जवाब मांगा है।
सुप्रीम कोर्ट सख्त, कहा- दोनों पक्ष बयानबाजी से बचें
सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत की पीठ ने सुनवाई के दौरान मीडिया और दोनों पक्षों को सख्त हिदायत दी कि वे जल्दबाजी में बयानबाजी करने से बचें और मामले को कानून के मुताबिक आगे बढ़ने दें। सीजेआई ने मीडिया में न्यायपालिका की निष्पक्षता पर उठाए गए सवालों पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि हमें जांच एजेंसियों पर पूरा भरोसा है कि वे सच सामने लाएंगी।
सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने आरोप लगाया कि पूर्व जज गिरिबाला सिंह टीवी चैनलों पर जाकर मृतका को बदनाम कर रही हैं और जांच में बाधा डाल रही हैं। दूसरी तरफ, ट्विशा के पिता के वकील सिद्धार्थ लूथरा ने आरोप लगाया कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने में तीन दिन की देरी की और सबूतों को सुरक्षित रखने में लापरवाही बरती गई।
हाईकोर्ट ने मांगा जवाब, जिला कोर्ट में सुनवाई टली
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में राज्य सरकार और ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा की याचिका पर सुनवाई हुई। सरकार के महाधिवक्ता प्रशांत सिंह ने कोर्ट को बताया कि आरोपी गिरिबाला सिंह जांच में सहयोग नहीं कर रही हैं। वहीं गिरिबाला के वकील ने दस्तावेज न मिलने की बात कहकर समय मांगा, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें 27 मई तक का समय दिया है। उधर, भोपाल जिला कोर्ट में पुलिस प्रतिवेदन (रिपोर्ट) पेश न होने के कारण मामले की सुनवाई मंगलवार तक के लिए टाल दी गई है।
पति से पूछताछ जारी, सीसीटीवी सुरक्षित: पुलिस कमिश्नर
भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि मृतका के पति समर्थ सिंह से लगातार पूछताछ की जा रही है और उसके बयानों का क्रॉस वेरिफिकेशन हो रहा है। पुलिस बैंक डिटेल्स और कॉल रिकॉर्ड खंगाल रही है। पूर्व जज गिरिबाला सिंह से भी उनके घर जाकर पूछताछ की गई है और वहां के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित हैं, जिनसे कोई छेड़छाड़ नहीं हुई है।
दिल्ली एम्स की टीम ने किया दूसरा पोस्टमार्टम, ऋषिकेश में होगा अस्थि विसर्जन
इससे पहले रविवार को भोपाल एम्स में दिल्ली से आई डॉक्टरों की विशेष टीम ने ट्विशा के शव का दूसरा पोस्टमार्टम किया। इसके बाद भदभदा विश्राम घाट पर गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। सोमवार सुबह परिजनों ने विधि-विधान से अस्थियां संचय कीं। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, ट्विशा की अस्थियों को उत्तराखंड के ऋषिकेश में गंगा नदी में विसर्जित किया जाएगा।
क्या है मामला?
गौरतलब है कि एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं। ट्विशा का पति वकील है और सास रिटायर्ड जिला जज हैं। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या का मामला बता रहा है, जबकि मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर प्रताड़ना और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।







