भोपालमध्य प्रदेश

युवक को घर से घसीटकर बीच सड़क पर 3 घंटे तक बंधक बनाकर पीटा

युवक को घर से घसीटकर बीच सड़क पर 3 घंटे तक बंधक बनाकर पीटा

बहन को मिल रही धमकियां

​भोपाल,यशभारत। राजधानी के अवधपुरी थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ बच्चों के मामूली विवाद में दबंगों ने एक युवक को उसके घर के सामने बीच चौराहे पर बंधक बनाकर करीब तीन घंटे तक बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि पुलिस ने शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया और मामूली धाराओं में खानापूर्ति कर दी। अब पीड़ित पक्ष ने पुलिस कमिश्नर से न्याय की गुहार लगाई है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना 14 अप्रैल की है। पीड़ित भूपेंद्र सिंह को आरोपियों ने शाम करीब 5 बजे उनके घर से जबरन बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें बीच सड़क पर ले जाकर बंधक बना लिया गया। शाम 8 बजे तक आरोपी युवक को बेरहमी से पीटते रहे। हैरानी की बात यह है कि सरेराह हो रही इस गुंडागर्दी के दौरान पुलिस की गश्त कहीं नजर नहीं आई।

डीसीपी ऑफिस पहुंचे तब हुई सुनवाई
​घायल युवक की बहन दीप्ति सिंह ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के तुरंत बाद वे थाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने केवल आवेदन लेकर उन्हें वापस भेज दिया। अगले दिन शाम तक जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो परिजनों ने डीसीपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने मामला तो दर्ज किया, लेकिन दीप्ति का आरोप है कि धाराएं इतनी मामूली लगाई गई हैं जिससे अपराधियों के हौसले और बुलंद हो रहे हैं।

​दीप्ति सिंह का कहना है कि अपराधियों को पुलिस का संरक्षण प्राप्त है, इसीलिए सरेआम बंधक बनाकर पीटने की हिम्मत हुई। उन्होंने बताया कि अब आरोपी उन्हें शिकायत दर्ज कराने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकियां दे रहे हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस आयुक्त को शिकायती आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर सख्त धाराएं बढ़ाने की मांग की है।

​इनका कहना है:
​घटना के बाद कुछ लोग थाने आए थे, लेकिन तब घायल की बहन ने इसे आपसी मोहल्ले का विवाद बताकर मामला दर्ज कराने से मना कर दिया था। पुलिस ने अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। घायल की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर धाराओं में इजाफा किया जाएगा।
सुरेश मीना, थाना प्रभारी, अवधपुरी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button