जबलपुरमध्य प्रदेश

30 किलो डोडा चूरा और 11 किलो गांजा के साथ 2 महिला सहित कुल 7 आरोपी गिरफ्तार

क्राईम ब्रांच तथा थाना तिलवारा, भेडाघाट, कटंगी, माढोताल पुलिस की संयुक्त कार्यवाही

जबलपुर,यशभारत। शहर में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और तिलवारा, भेड़ाघाट, कटंगी एवं माढ़ोताल थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दो महिलाओं सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 11 किलो 237 ग्राम गांजा, 30 किलो 631 ग्राम डोडा चूरा, बिक्री के 50 हजार रुपये नगद, एक ट्रक, एक कार, एक स्कूटी तथा 10 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

08 4

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। तिलवारा थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में कुल चार आरोपियों को गांजा तस्करी के आरोप में पकड़ा गया। पहली कार्रवाई में ललित कहार को 6 किलो 178 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका साथी सुमित पटैल फरार हो गया। पूछताछ में पता चला कि गांजा उड़ीसा से लाकर फुटकर बिक्री के लिए लाया जाता था।

वहीं दूसरी कार्रवाई में सचिन सोनी और मानसी निषाद को 5 किलो 59 ग्राम गांजा एवं स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने पूछताछ में कटनी जिले के हरदुआ क्षेत्र से गांजा खरीदकर बेचने की बात स्वीकार की।

कटंगी थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक ट्रक से 18 किलो 130 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया गया। ट्रक चालक पंकज साहू और हेल्पर उदयचंद काछी से पूछताछ में डबरा निवासी अजय रावत तथा जबलपुर के सोनू शर्मा और सोनी ठाकुर के नाम सामने आए। पुलिस ने ट्रक भी जब्त कर लिया।

जांच के दौरान भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में आरोपी सोनी ठाकुर के घर पर दबिश देकर 5 किलो 870 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया गया। महिला आरोपी ने स्वीकार किया कि उसे यह मादक पदार्थ पंकज साहू और उदयचंद काछी द्वारा उपलब्ध कराया गया था।

इसी क्रम में माढ़ोताल थाना क्षेत्र के शारदा नगर में रंजीत कुमार शर्मा उर्फ सोनू के घर और कार की तलाशी के दौरान 6 किलो 628 ग्राम डोडा चूरा, बिक्री के 50 हजार रुपये, 8 मोबाइल फोन और एक कार जब्त की गई। आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि डोडा चूरा डबरा निवासी अजय रावत के माध्यम से ट्रक द्वारा मंगाया जाता था, जिसमें से अधिकांश मात्रा बेच दी गई थी।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button