Top-5देशमुख्य ख़बरें

तिलक समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो नदी में गिरी, छह की मौत, एक युवक सुरक्षित बचा

अररिया। बिहार के अररिया जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। तिलक समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए मरिया नदी में जा गिरी। हादसे में एक युवक को सुरक्षित बचा लिया गया। दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी लोग सुपौल जिले के थुमहा गांव के निवासी थे। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, सुपौल जिले के पीपरा क्षेत्र के थुमहा गांव से कुछ लोग सिकटी के भपटिया में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। बताया जा रहा है कि सभी लड़की पक्ष के थे। बुधवार देर रात समारोह से वापस लौटते समय ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल के पास तीखे मोड़ पर चालक ने स्कॉर्पियो से नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते गाड़ी पुल की रेलिंग तोड़कर सीधे नदी में जा गिरी।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों ने खुद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। नदी में डूबी स्कॉर्पियो को रस्सी से बांधा गया और फिर जेसीबी की मदद से वाहन को बाहर निकाला गया।

दुर्घटना में छह लोगों की जान चली गई, जबकि एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मृतकों की पहचान कुंदन यादव (28), मुन्ना कुमार (22), आदित्य (20), यश कुमार (16), आर्यन (15) और सौरभ (15) के रूप में हुई है। मृतकों में चार नाबालिग भी शामिल हैं।

एक ही गांव के छह लोगों की मौत की खबर पहुंचते ही थुमहा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में समारोह की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button