JABLPUR NEWS- हादसे में बुझ गया इकलौता चिराग:दोस्तों संग पिकनिक मनाने निकला था, जबलपुर-चरगवां रोड पर गंगई के पास हुआ एक्सीडेंट

जबलपुर-चरगवां रोड पर पिकअप वाहन से टकरा कर बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक कुछ दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने निकला था। हादसे के बाद उसके दोस्त मौके से भाग निकले। चरगवां पुलिस ने मेडिकल भिजवाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
चरगवां टीआई विनोद पाठक के मुताबिक सेंट जोसेफ स्कूल के पास साकेत नगर रांझी निवासी ध्रुव मर्सकोले (18) रविवार सुबह 10 बजे के लगभग दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने निकला था। ध्रुव स्कूटी से निकला था। कई और दोस्त भी थे। सभी पहले चरगवां क्षेत्र में रामूजी वाटर पार्क पहुंचे। वहां से दोपहर 3.30 बजे के लगभग निकले थे।

गंगई मोड़ पर हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ध्रुव घर से स्कूटी से निकला था, पर वह दोस्त की बाइक चला रहा था। स्कूटी उसने दोस्त को दे रखी थी। सभी चरगवां की ओर जा रहे थे। गंगई अंधे मोड़ पर चरगवां की ओर से आ रही लोडिंग पिकअप वाहन एमपी 20 जीबी 1608 से बाइक लेकर ध्रुव टकरा गया। हादसे के समय मौजूद लोगों ने बताया कि ध्रुव तेज रफ्तार में था। इस मोड़ से परिचित न होने की वजह से उसका बैलेंस बिगड़ गया था और वह पिकअप वाहन से टकरा गया था।

हेलमेट पहना होता तो बच जाती जान
ध्रुव हेलमेट नहीं पहने था। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोटें आई। अधिक रक्स्राव के चलते उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद उसके दोस्त वहां से भाग निकले। बीच सड़क हादसा होने के चलते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। हादसे की खबर पाकर पहुंचे गांव वाले आक्रोशित हो गए। तनावपूर्ण माहौल में चरगवां पुलिस मौके पर पहुंची और सबसे पहले ध्रुव के शव को वहां से मेडिकल कॉलेज मरचुरी भिजवाया।

घर में मचा कोहराम
हादसे की खबर घर में पहुंची तो कोहराम मच गया। ध्रुव के पिता राजा मर्सकोले सिहोरा में सिंचाई विभाग में एसडीओ हैं। वह परिवार का इकलौती संतान था। उससे छोटी बहन मुस्कान है, जो अभी 11वीं में पढ़ रही है। जबकि ध्रुव 12वीं में नेपियर टाउन स्थित महर्षि विद्या मंदिर से पढ़ रहा था। अभी उसके पेपर चल रहे थे। एक पेपर और होना था। मां उत्तरा मर्सकोले का रो-रो कर बुरा हाल है।








