कटनीभोपालमध्य प्रदेश

सड़क बनी उत्सव का मंच—कहीं ताकत की परीक्षा, कहीं फिटनेस का जुनून

खेल, फिटनेस और उमंग का संगम—नेता, अफसर और आमजन हुए शामिल

राहगीरी डे में दिखा उत्साह का सैलाब

सड़क बनी उत्सव का मंच—कहीं ताकत की परीक्षा, कहीं फिटनेस का जुनून

खेल, फिटनेस और उमंग का संगम—नेता, अफसर और आमजन हुए शामिलIMG 20260426 WA0017 IMG 20260426 WA0015 IMG 20260426 WA0047 IMG 20260426 WA0048 scaled 20260426 082341 scaled 20260426 080630 scaled

कटनी, यशभारत। रविवार की सुबह शहर की सड़कों पर कुछ अलग ही नजारा था। महारानी लक्ष्मीबाई वार्ड स्थित फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड के सामने मुख्य मार्ग पर जैसे ही “राहगीरी डे” की शुरुआत हुई, पूरा माहौल उत्साह और ऊर्जा से भर गया। आम दिनों में वाहनों से गुलजार रहने वाली सड़क आज लोगों की हंसी, तालियों और गतिविधियों से जीवंत नजर आई।
सुबह की शुरुआत योग सत्र से हुई, जहां बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने खुले आसमान के नीचे एक साथ योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। धीरे-धीरे लोग जुड़ते गए और देखते ही देखते सड़क एक बड़े उत्सव के मंच में बदल गई। कोई साइकिलिंग करता नजर आया, तो कहीं बच्चे स्केटिंग में अपनी कला दिखाते दिखे।
सबकी नजरें उस समय ठहर गईं, जब महापौर प्रीति संजीव सूरी रस्साखींच प्रतियोगिता में उतरीं। उनके साथ मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, डॉ. रमेश सोनी, उमेन्द्र अहिरवार, सुरेन्द्र गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और उद्योगपति भी मैदान में मौजूद रहे। रस्से के दोनों सिरों पर जोर आजमाइश हुई, लेकिन अंत में महिलाओं की टीम ने बाजी मारते हुए तालियों की गूंज बटोरी।
उधर, तेज संगीत की धुन पर आयोजित जुंबा सेशन ने माहौल को और भी ऊर्जावान बना दिया। जिला पंचायत सीईओ हरसिमरन प्रीत कौर ने भी इसमें हिस्सा लिया और पूरे उत्साह के साथ प्रतिभागियों के साथ कदम से कदम मिलाते हुए फिटनेस का संदेश दिया। उनके साथ बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा भी थिरकते नजर आए।
निगमायुक्त तपस्या परिहार पूरे कार्यक्रम के दौरान सक्रिय रहीं। उन्होंने हर गतिविधि स्थल पर पहुंचकर प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं नगर निगम के अन्य अधिकारी भी सक्रिय रूप से मौजूद रहे, जिनमें उपायुक्त शैलेश गुप्ता, संजय सोनी, असित खरे, आलोक तिवारी, जागेश्वर पाठक,अमित सोनी, तथा अन्य निगम अमला शामिल रहा, जिन्होंने कार्यक्रम के सुचारू संचालन में योगदान दिया।
कार्यक्रम में पार्षद अवकाश जायसवाल, डॉ मनीष गट्टानी, मिठू लाल जैन,सहित शहर के चिकित्सक, उद्योगपति, स्वच्छता ब्रांड एम्बेस्डर, योगा एवं एक्सरसाइज ग्रुप, मीडिया कर्मी, महिलाएं, बच्चे और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
बच्चों के लिए यह दिन किसी मेले से कम नहीं था। कहीं मैजिक शो लोगों को चौंका रहा था, तो कहीं कार्टून कैरेक्टर बच्चों के साथ सेल्फी लेते दिखे। गीतांजलि कला केंद्र कटनी के कलाकारों ने छत्तीसगढ़ी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। वहीं सांप-सीढ़ी, पिट्ठू, रस्सी कूद, चम्मच-नींबू दौड़ जैसे पारंपरिक खेलों ने बड़ों को भी बचपन की यादों में लौटा दिया।
साथ ही नुक्कड़ नाटक और जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता, कचरा पृथक्करण, सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक और जल संरक्षण का संदेश दिया गया। इको ब्रिक्स एवं पुराने कपड़ों से बने थैलों के स्टॉल ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण और पुनर्चक्रण के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं, उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों एवं स्वच्छता मित्रों को महापौर, सीईओ, निगमायुक्त,द्वारा तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। यह आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम बना, बल्कि स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामूहिक भागीदारी का संदेश देते हुए शहरवासियों के लिए एक यादगार अनुभव बन गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button