
पंजाब के रामपुरा फूल में एक बाप दरिंदा बन गया। उसने 8 साल की बच्ची को बेरहमी से पीटा। परने से उसका गला दबाया। नशे में धुत बाप जब यह करतूत कर रहा था तो बच्ची मनप्रीत कौर जोर-जोर से चीख रही थी। इसका वीडियो वायरल होने के बाद पिता की पहचान हुई। जिसके बाद पुलिस ने जुवेनाइल एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने कहा कि बेटी के चलते उसका पत्नी से झगड़ा होता था, इस वजह से उसने मारपीट की। उसने बेटी मनप्रीत कौर को गोद लिया था।
पत्नी को घर से निकाल चुका
आरोपी पिता निर्मल सिंह की पत्नी राजविंदर कौर ने कहा कि 2 महीने पहले पति ने उसे घर से निकाल दिया। बेटी मनप्रीत वहीं रह गई। जब उसने वीडियो देखा तो पुलिस को इसकी शिकायत की। उसने आरोप लगाया कि निर्मल ने किसी दूसरी औरत को घर में रखा है। यह बेटी उन्होंने गांव दीना कांगड़ से गोद ली है। उसे घर से निकालते वक्त बेटी को साथ नहीं ले जाने दिया। राजविंदर ने कहा कि वह बेटी को मारना चाहता था।