आरटीओ रिंकू शर्मा की कार्रवाई पर सवाल, जुर्माना नहीं भरने पर ई-रिक्शा चालकों को ताले में किया बंद,अधिकारी लंच पर गए तो उनके लौटने का करते रहे इंतजार
वाहन जब्ती तक ठीक, लेकिन चालकों को बंद करने का अधिकार किसने दिया?

जबलपुर, यश भारत। शहर में ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान आरटीओ विभाग का हैरान करने वाला रवैया सामने आया है। शनिवार को आरटीओ अधिकारी रिंकू शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए जांच अभियान में परमिट, इंश्योरेंस और अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। जिन वाहनों के दस्तावेज अधूरे मिले, उन्हें जब्त कर लिया गया, लेकिन आरोप है कि जुर्माना नहीं भर पाने वाले कुछ चालकों को कार्यालय में ताला लगाकर बंद कर दिया गया। इस घटना ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि बंद किए गए चालकों को घंटों तक भूखे-प्यासे इंतजार करना पड़ा। जब उन्होंने बाहर जाने और अपनी परेशानी बताने की कोशिश की तो उन्हें कथित तौर पर बताया गया कि मैडम और वरिष्ठ अधिकारी लंच पर गए हैं। उनके लौटने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। ऐसे में चालक अधिकारियों के लंच से लौटने का इंतजार करते रहे।

वाहन जब्ती तक ठीक, लेकिन चालकों को बंद करने का अधिकार किसने दिया?
सवाल यह है कि दस्तावेजों में कमी मिलने पर चालान काटना और नियमानुसार वाहन जब्त करना विभाग की कार्रवाई का हिस्सा हो सकता है, लेकिन जुर्माना नहीं भर पाने पर किसी व्यक्ति को ताले में बंद रखने का अधिकार किस नियम के तहत दिया गया? क्या विभाग के पास ऐसी कार्रवाई का कोई कानूनी प्रावधान है? यदि नहीं, तो चालकों को घंटों बंद रखने के लिए जिम्मेदार कौन है?ई-रिक्शा चलाकर रोजी-रोटी कमाने वाले चालकों के लिए काम के कुछ घंटे छिनना भी परिवार की आमदनी पर असर डालता है। ऐसे में नियमों का पालन कराने के नाम पर अपनाए गए इस तरीके ने मानवीय संवेदनाओं और अधिकारों को लेकर बहस खड़ी कर दी है। अब सवाल यह है कि परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मामले की जांच कर जिम्मेदारों से जवाब मांगेंगे या फिर इस पूरे घटनाक्रम पर चुप्पी साध ली जाएगी।







