नए साल पर पुलिस महकमे में बड़े बदलाव की आहट, 33 आईपीएस अफसरों की पदोन्नति के साथ जिला कप्तानी और पीएचक्यू में बदल सकती हैं कमान

नए साल पर पुलिस महकमे में बड़े बदलाव की आहट, 33 आईपीएस अफसरों की पदोन्नति के साथ जिला कप्तानी और पीएचक्यू में बदल सकती हैं कमान
भोपाल, यशभारत। नए साल की दहलीज पर मध्य प्रदेश पुलिस महकमे में बड़े प्रशासनिक और मैदानी फेरबदल की तैयारी तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, 33 आईपीएस अधिकारियों को एडीजी , आईजी और डीआईजी स्तर पर पदोन्नति मिलने की संभावना है, लेकिन इस कवायद का सबसे बड़ा असर मैदानी कमान और पुलिस मुख्यालय की कार्यप्रणाली पर देखने को मिल सकता है। पदोन्नति की प्रक्रिया के साथ कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों की जिम्मेदारियों में बदलाव और नई पदस्थापनाओं की सुगबुगाहट तेज हो गई है।
दिसंबर में डीपीसी, 31 दिसंबर को संभावित आदेश
पुलिस विभाग में पदोन्नति के प्रस्तावों को अंतिम रूप देने के लिए दिसंबर में विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक प्रस्तावित है। इसमें पात्र आईपीएस अधिकारियों के सेवा रिकॉर्ड और पदोन्नति से जुड़े प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा। माना जा रहा है कि बैठक और शासन की हरी झंडी के बाद 31 दिसंबर को पदोन्नति के आदेश जारी किए जा सकते हैं। हालांकि, अंतिम सूची और तारीखों पर फैसला डीपीसी तथा शासन स्तर की स्वीकृति के बाद ही तय होगा।
करीब 20 नए आईजी मिलने की चर्चा, मैदानी ढांचे पर नजर
जानकारी के मुताबिक, संभावित 33 पदोन्नतियों में प्रदेश को करीब 20 नए आईजी मिल सकते हैं। वरिष्ठ स्तर पर पदों के उन्नयन से जहां एक ओर पुलिस मुख्यालय में विभिन्न शाखाओं के कामकाज और जिम्मेदारियों का पुनर्गठन हो सकता है, वहीं दूसरी ओर पदोन्नत व वरिष्ठ अधिकारियों के मूवमेंट के चलते कई जिलों में नए एसपी की पदस्थापना का रास्ता भी खुल सकता है। ऐसे में नए साल की शुरुआत के साथ प्रदेश की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग के ढांचे में नया चेहरा दिखने की उम्मीद जताई जा रही है।







