जहरीली शराब कांड: खौफ के बीच हुई जांच, शराबियों के लिवर मिले ‘बीमार’ 425 का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

सागर, यशभारत l जहरीली शराब से हुई मौतों और स्वास्थ्य संबंधी खतरों को देखते हुए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने जिलेभर में विशेष स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया। इस दौरान शराब के अत्यधिक सेवन करने वाले लोगों की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं, जिनमें लिवर फंक्शन टेस्ट (LFT) रिपोर्ट का ठीक न आना और लिवर में एंजाइम बढ़े मिलना प्रमुख है।
चार दिन में 425 लोगों की जांच, 200 ब्लड सैंपल लिए गए
स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, रविवार से बुधवार तक जिले की विभिन्न शराब दुकानों के बाहर शिविर लगाकर यहां आने वाले लोगों की जांच की गई। इस चार दिवसीय अभियान में करीब 425 लोगों की जांच की गई, जिनमें से लगभग 200 लोगों के ब्लड सैंपल लिए गए और जरूरतमंदों को दवाएं भी वितरित की गईं।
जांच में सामने आया कि बंडा और आसपास के जिन गांवों में पहले जहरीली शराब पीने से मौतें हुई थीं, वहां के लोगों की लिवर संबंधी जांच रिपोर्ट सामान्य नहीं आई है। प्रभावित लोगों में अधिकांश 40 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे लोग हैं जो अत्यधिक मात्रा में शराब पीते हैं। कई लोगों के लिवर फंक्शन टेस्ट में लिवर के एंजाइम बढ़े हुए पाए गए। विशेषज्ञों के मुताबिक लगातार शराब पीने और खाली पेट रहने से सेहत पर गंभीर असर पड़ रहा है।
प्रशासन द्वारा यह कदम इसलिए भी उठाया गया क्योंकि बंडा के सेमरा रामचंद्र और सागर के मछरयाई इलाके में शराब पीने से हुई मौतों के बाद जांच में मृतकों की मेडिकल हिस्ट्री सामने आई थी, जिसमें तीनों के गंभीर बीमारी से ग्रस्त होने की बात पता चली थी। इसके अलावा करीब ढाई माह पहले बंडा में जहरीली शराब से 37 लोगों की मौत की घटना के बाद प्रशासन इस मामले में बेहद सतर्कता के साथ कदम उठा रहा है।
इन क्षेत्रों में लगाए गए शिविर
बंडा बीएमओ डॉ. योगेंद्र ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर में बंडा व आसपास के गांवों से आए लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य सलाह दी गई। अभियान के तहत:पहले दिन बंडा के विनायका और मगरधा में शिविर लगाए गए। सेमरा रामचंद्र, गूगरा, नौराज, छापरी और बमूरा के चिन्हित अधिक शराब पीने वाले लोगों की भी जांच की गई। बंडा के अलावा गौरझामर, केसली, रहली और बीना में शिविर आयोजित हुए।सागर शहर के मधुकर शाह, धर्मश्री, सिविल लाइन, गोपालगंज, पुरव्याऊ, मकरोनिया, तिली, शास्त्री वार्ड, वल्लभनगर वार्ड और झांसी बस स्टैंड पर भी जांच शिविर लगाए गए।







