नारी शक्ति के सम्मान में भोपाल में निकली हॉकी वॉकथॉन , मंत्री विश्वास सारंग और ओलंपियन विवेक सागर ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

नारी शक्ति के सम्मान में भोपाल में निकली हॉकी वॉकथॉन
मंत्री विश्वास सारंग और ओलंपियन विवेक सागर ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
भोपाल,यश भारत। नारी शक्ति के सम्मान और महिला हॉकी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भोपाल में आज हॉकी वॉकथॉन का आयोजन किया गया। मंत्री विश्वास सारंग के नेतृत्व में आयोजित इस वॉकथॉन में ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर भी शामिल हुए। होटल लेकव्यू रंजीत से वन विहार तक निकली इस वॉकथॉन में शहर के हॉकी खिलाड़ी, प्रबुद्धजन व्यापारी वर्ग फिटनेस प्रेमी और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वॉकथॉन के माध्यम से महिला हॉकी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आगामी एशियन वूमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के लिए शहरवासियों को जोड़ने का संदेश दिया गया। उल्लेखनीय है कि 19 से 28 नवंबर तक भोपाल में इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसमें भारत सहित एशिया की छह शीर्ष टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में करीब 150 महिला खिलाड़ी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी।
बरखेड़ा नाथू के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता के सभी मुकाबले बरखेड़ा नाथू स्थित अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। दर्शकों के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है ताकि अधिक से अधिक लोग स्टेडियम पहुंचकर महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर सकें। प्रतियोगिता का सीधा प्रसारण 166 देशों में स्टार स्पोर्ट्स और हॉटस्टार के माध्यम से किया जाएगा। इससे भोपाल को अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में नई पहचान मिलेगी।
एफआईएच कैटेगरी-1 स्टेडियम का गौरव
भोपाल ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। शहर का हॉकी स्टेडियम एफआईएच कैटेगरी-1 स्टेडियम का गौरव प्राप्त करने वाला देश का दूसरा शहर बना है। यह उपलब्धि भोपाल में अंतरराष्ट्रीय स्तर की हॉकी सुविधाओं और खेल अधोसंरचना को दर्शाती है। एशियन वूमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के आयोजन से न केवल महिला हॉकी को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल को करीब से देखने और उससे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।







