उधार देने के बहाने महिला के बैंक दस्तावेज लेकर 16.97 लाख की ठगी : महिला समेत 2 आरोपी गिरफ्तार

मारुति अर्टिगा कार, सोने-चांदी के जेवर और नकदी सहित करीब 14 लाख का मशरूका जब्त; भरवेली पुलिस ने फरार आरोपियों को पकड़ा
बालाघाट। भरवेली थाना पुलिस ने बैंक खाते से 16 लाख 97 हजार रुपये की धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे एक महिला और एक पुरुष आरोपी को गिरफ्तार कर ठगी की वारदात का खुलासा किया है। आरोपियों ने उधार देने का झांसा देकर पीड़ित महिला के बैंक संबंधी दस्तावेज, चेकबुक और एटीएम कार्ड हासिल किए थे। इसके बाद अलग-अलग माध्यमों से बैंक खाते से लाखों रुपये निकाल लिए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदी गई मारुति अर्टिगा कार, सोने के जेवर, मोबाइल फोन और नकदी सहित करीब 14 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
उधार देने के बहाने हासिल किए बैंक दस्तावेज
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भरवेली निवासी भानवंती ने 2 नवंबर 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि पावर हाउस कॉलोनी भरवेली निवासी अंजू उर्फ अल्का भोयर (33) ने एक लाख रुपये उधार देने का भरोसा दिलाकर उसकी बैंक पासबुक, चेकबुक, हस्ताक्षरयुक्त चेक तथा आधार और पैन कार्ड अपने पास रख लिए थे।
बताया गया कि प्रार्थिया के पति की मृत्यु के बाद उसके बैंक खाते में करीब 30 लाख रुपये जमा थे। इसी का फायदा उठाकर अंजू भोयर के भांजे नैनसु रावते ने उसका एटीएम कार्ड हासिल कर लिया। आरोप है कि इसके बाद एटीएम, ज्वैलर्स दुकानों की पीओएस मशीन और चेक के माध्यम से खाते से कुल 16.97 लाख रुपये निकाल लिए गए।
शिकायत के आधार पर भरवेली पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
मामला दर्ज होने के बाद से ही दोनों आरोपी फरार थे। पुलिस अधीक्षक मलय जैन के निर्देशन में भरवेली पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 24 नवंबर 2026 को अंजू उर्फ अल्का भोयर और नैनसु रावते को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ एवं तलाशी के दौरान महिला आरोपी अंजू भोयर के कब्जे से प्रार्थिया की एसबीआई चेकबुक, पैन कार्ड और 39,500 रुपये नकद बरामद किए गए। वहीं, नैनसु रावते के पास से ठगी की रकम से खरीदी गई मारुति अर्टिगा कार क्रमांक MP 07 CH 1438, प्रार्थिया का एसबीआई एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, दो मोबाइल फोन और सोने के जेवर जब्त किए गए।
जब्त सोने के जेवरों में मंगलसूत्र का एक लॉकेट, मंगलसूत्र के 10 बड़े सोने के मणी, ब्रेसलेट के छह सोने के मणी और एक सोने की अंगूठी शामिल है। पुलिस के अनुसार, जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 14 लाख रुपये है।
महिला आरोपी जेल भेजी, पुरुष आरोपी से पूछताछ
पुलिस ने महिला आरोपी अंजू उर्फ अल्का भोयर को 24 नवंबर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। वहीं, मुख्य आरोपी नैनसु रावते को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ और बरामदगी की कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इस कार्रवाई में भरवेली थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह पन्द्रो, उपनिरीक्षक कविता मुर्खे, प्रधान आरक्षक झनकलाल नागेश्वर, राहुल गौतम, नितेश श्रीनाग, आरक्षक गोविंद सिंह, विजेन्द्र उईके, निलेश ठाकुर तथा साइबर सेल के आरक्षक तिलक अड़में और दीपक कावरे की सराहनीय भूमिका रही।







