कार्तिक पूर्णिमा पर नर्मदा तटों पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, भोर से शुरू हुआ पुण्य स्नान का सिलसिला

जबलपुर यश भारत। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को संस्कारधानी के नर्मदा तटों पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। आधी रात के बाद से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सूर्योदय से पहले ही ग्वारीघाट, भेड़ाघाट और तिलवाराघाट सहित शहर के प्रमुख नर्मदा घाटों पर भक्तों की भीड़ जुट गई। हर तरफ मां नर्मदा के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने पवित्र जल में डुबकी लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्तिक पूर्णिमा को हिंदू धर्म में विशेष पुण्यदायी तिथि माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन पवित्र नदियों में स्नान, दीपदान, पूजा-पाठ और जरूरतमंदों को दान करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। यही वजह रही कि सुबह से ही नर्मदा तटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। स्नान के बाद लोगों ने तिल, अन्न, वस्त्र और अन्य सामग्री का दान कर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया।
घाटों पर सुबह से ही भक्ति और उल्लास का वातावरण दिखाई दिया। कहीं श्रद्धालु मां नर्मदा की आरती और पूजन करते नजर आए तो कहीं परिवार के साथ पहुंचे भक्तों ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए। मंदिरों में भी दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। कार्तिक पूर्णिमा पर भगवान विष्णु, श्रीकृष्ण और भगवान शिव की उपासना का विशेष महत्व होने के कारण भक्तों ने विधि-विधान से आराधना की।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर नर्मदा तटों पर उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर संस्कारधानी की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक पेश की। सुबह से लेकर दिनभर घाटों पर स्नान, पूजन, दान और परिक्रमा का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालुओं के लिए यह पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि मां नर्मदा के प्रति अटूट आस्था और आध्यात्मिक जुड़ाव का अवसर भी बना।







