भेड़ाघाट में 504वीं नर्मदा पंचकोशी परिक्रमा में उमड़ा आस्था का सैलाब, देखे वीडियो …….

जबलपुर, यशभारत। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर भेड़ाघाट में 504वीं नर्मदा पंचकोशी परिक्रमा के दौरान आस्था, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। हरे कृष्णा आश्रम से मंगलवार तड़के सुबह 4 बजे परिक्रमा का शुभारंभ हुआ। इसके पूर्व श्रीशैलम तीर्थ क्षेत्र से लाई गई 1.25 लाख बत्तियों से मां नर्मदा की भव्य महाआरती की गई। हनुमान चालीसा के पाठ और संतों के सान्निध्य में शुरू हुई परिक्रमा का नेतृत्व भगवान हनुमानजी की गदा ने किया।
परिक्रमा में हजारों श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं, किन्नर अखाड़े के प्रतिनिधियों और शहीद परिवारों ने भाग लिया। पूरे मार्ग में मां नर्मदा के जयकारों और संकीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। ढोल-नगाड़ों, बैंड और धार्मिक टोलियों के साथ श्रद्धालु पंचवटी, 64 योगिनी, धुआंधार और गोपालपुर होते हुए लमेटाघाट पहुंचे। यहां नावों से नर्मदा पार कर शनि मंदिर, डुडुवारा, इमलिया और न्यू भेड़ाघाट होते हुए सरस्वती घाट पहुंचे। इसके बाद नाव से नदी पार कर श्रद्धालु पुनः हरे कृष्णा आश्रम पहुंचे।
इस अवसर पर शरद अग्रवाल, श्याम मनोहर पटेल, अध्यक्ष दुर्गा पटेल, संदीप जैन, शिव पटेल, पप्पू चौबे, मनोज गुलाबबनी, विनोद दीवान सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नर्मदा महाआरती के संस्थापक डॉ. सुधीर अग्रवाल ने किया।







