कटनी मुड़वारा स्टेशन की व्यवस्थाओं पर रेलवे का फ़ोकस
टीटीई रेस्ट हाउस से आरआरआई पैनल तक लिया जायजा

- कटनी मुड़वारा स्टेशन की व्यवस्थाओं पर रेलवे का फ़ोकस
टीटीई रेस्ट हाउस से आरआरआई पैनल तक लिया जायजा

यात्री सुविधाओं और रेल परिचालन की व्यवस्थाएं परखीं
कटनी,यशभारत। रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं और परिचालन व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयासों के बीच दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक विजय कुमार रविवार को अचानक कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशन पहुंच गए। औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर से लेकर कर्मचारियों की सुविधाओं और ट्रेन संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण की शुरुआत टीटीई रेस्ट हाउस से हुई। यहां उन्होंने साफ-सफाई, रखरखाव, गार्डन, मनोरंजन कक्ष, डाइनिंग हॉल और टिकट जांच कर्मचारियों के ठहरने की व्यवस्थाएं देखीं। इसके बाद बुकिंग कार्यालय और यूटीएस काउंटर पहुंचकर टिकट व्यवस्था तथा परिसर की स्वच्छता का निरीक्षण किया।
निरीक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा आरआरआई (रूट रिले इंटरलॉकिंग) पैनल रहा। यहां उन्होंने ट्रेन संचालन से जुड़े तकनीकी और परिचालन पहलुओं की जानकारी ली। अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा करते हुए सुरक्षित और सुचारु रेल परिचालन पर जोर दिया।
विजय कुमार ने स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, यात्री सुविधाओं का नियमित रखरखाव करने और कर्मचारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने टीटीई रेस्ट हाउस और बुकिंग कार्यालय की व्यवस्थाओं की सराहना भी की।
इस दौरान मंडल परिचालन प्रबंधक (सामान्य) शीतल करण सहित सहायक वाणिज्य प्रबंधक तथा कटनी, कटनी मुड़वारा, विद्युत और इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।







